चित्तौड़गढ़। मेवाड़ के राजाधिराज श्री कल्लाजी राठौड़ के मंदिर में गोगा नवमी के अवसर पर शनिवार को गौरक्षक गतोड़ जी चौहान सरकार का जन्मोत्सव हर्षाेल्लास एवं श्रद्धा के साथ मनाया गया। श्री कल्लाजी वेदपीठ की ओर से आयोजित विभिन्न धार्मिक एवं सेवा कार्यों में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया।
कल्याण लोक स्थित श्री कल्लाजी वैदिक विश्वविद्यालय परिसर की श्री कल्याण गौशाला में श्री कल्लाजी मंदिर मंडल न्यास के पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने गौ सेवा की। इस दौरान गायों को गुड़, लापसी एवं हरा चारा खिलाया गया। इसके अलावा कल्याण नगरी स्थित प्रमुख गौशालाओं में भी कल्लाजी भक्तों तथा मंदिर मंडल न्यास के पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने पहुंचकर गौ सेवा की।
जन्मोत्सव के उपलक्ष्य में श्री कल्लाजी मंदिर की विशेष साज-सज्जा की गई। चौहान सरकार के लिए आकर्षक झूला भी सजाया गया। शाम को मंदिर परिसर में संगीतमय सुंदरकांड पाठ का आयोजन हुआ। दिनभर मंदिर में दर्शन के लिए श्रद्धालुओं की कतार लगी रही।
जन्मोत्सव के अवसर पर मंदिर परिसर में दिनभर श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया गया। धार्मिक आयोजनों और गौ सेवा के चलते पूरे दिन कल्याण नगरी में श्रद्धा एवं भक्ति का माहौल बना रहा।