रामपुरा। भारत सरकार द्वारा 6 अगस्त 2026 से देशव्यापी नशामुक्ति अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में भारत सरकार एवं ब्रह्माकुमारी संस्थान के सहयोग से रामपुरा नगर में भी व्यापक स्तर पर जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। अभियान के तहत ब्रह्माकुमारी संस्थान ने सक्रिय सहभागिता करते हुए हजारों लोगों को नशामुक्ति की शपथ दिलाई।
अभियान का मुख्य उद्देश्य समाज को नशे की लत से बचाना और युवाओं को स्वस्थ जीवनशैली के प्रति जागरूक करना रहा। अभियान के तहत रामपुरा नगर के विभिन्न शिक्षण संस्थानों एवं सार्वजनिक मंचों पर नशामुक्ति को लेकर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए।
इसके अंतर्गत सरस्वती शिशु विद्या मंदिर, मैडम क्यूरी स्कूल, जवाहर नवोदय विद्यालय, पोरवाल स्कूल, शासकीय बालक उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय एवं महाविद्यालय रामपुरा में विशेष कार्यक्रम आयोजित हुए। इसके अलावा ईजी कोचिंग सेंटर, धनगर कोचिंग सेंटर, सनहाइट स्कूल कुकड़ेश्वर, हायर सेकेंडरी स्कूल मजीरिया एवं रामपुरा कॉन्वेंट स्कूल के विद्यार्थियों ने भी अभियान में उत्साहपूर्वक भाग लिया।
स्वतंत्रता दिवस समारोह में दिलाया नशामुक्ति का संकल्प-
अभियान का सबसे व्यापक स्वरूप नगर परिषद रामपुरा के 15 अगस्त के विशाल स्वतंत्रता दिवस समारोह में देखने को मिला। समारोह में उपस्थित हजारों नागरिकों, अतिथियों एवं छात्र-छात्राओं को सामूहिक रूप से नशामुक्त समाज के निर्माण का संकल्प दिलाया गया।
राजयोग से एकाग्रता और सकारात्मक जीवनशैली का संदेश-
अभियान के दौरान सेवा केंद्र प्रभारी ब्रह्माकुमारी दिव्या एवं ब्रह्माकुमारी हेमा ने विद्यार्थियों को राजयोग के माध्यम से सकारात्मक जीवनशैली अपनाने के बारे में जानकारी दी। उन्होंने पढ़ाई में एकाग्रता बनाए रखने, बेहतर परिणाम प्राप्त करने तथा जीवन में नैतिक मूल्यों को अपनाने के लिए सहज एवं सरल उपाय बताए।
उन्होंने विद्यार्थियों को नशे से दूर रहकर स्वस्थ, सकारात्मक एवं अनुशासित जीवन जीने के लिए प्रेरित किया। अभियान के माध्यम से नगर में नशामुक्ति को लेकर जनजागरूकता बढ़ाने तथा युवाओं को स्वस्थ जीवन की ओर प्रेरित करने का प्रयास किया गया।