नीमच। नीमच के क्रमांक-2 स्थित खेल मैदान को बचाने की मांग को लेकर मैदान बचाओ समिति का आंदोलन लगातार जारी है। रविवार को भारत माता चौराहा स्थित धरना स्थल पर समिति की ओर से सद्बुद्धि यज्ञ का आयोजन किया गया। यज्ञ के माध्यम से जिम्मेदारों को जनभावनाओं को समझने और मैदान के हित में निर्णय लेने की सद्बुद्धि आने की कामना की गई।
समिति सदस्य गजेंद्र सिंह चौहान ने कहा कि खेल मैदान को बचाने के लिए करीब 40 दिनों से शांतिपूर्ण आंदोलन किया जा रहा है। थाली बजाओ आंदोलन, घर-घर तिरंगा यात्रा सहित विभिन्न माध्यमों से अपनी मांग प्रशासन एवं जिम्मेदारों तक पहुंचाने का प्रयास किया गया, लेकिन अभी तक कोई समाधान नहीं निकला है।
बालकृष्ण मिश्रा ने कहा कि यह संघर्ष किसी व्यक्तिगत हित के लिए नहीं, बल्कि नीमच के बच्चों की आने वाली पीढ़ियों के लिए खेल मैदान बचाने का प्रयास है। समिति का कहना है कि बच्चों के लिए खेल मैदान का होना आवश्यक है और इसे किसी अन्य उपयोग में नहीं लिया जाना चाहिए।
समिति की प्रमुख मांग है कि क्रमांक-2 खेल मैदान पर प्रस्तावित सांदीपनि विद्यालय का निर्माण शहर अथवा आसपास उपलब्ध किसी अन्य उपयुक्त भूमि पर किया जाए, ताकि खेल मैदान सुरक्षित रह सके और बच्चों को खेल गतिविधियों के लिए पर्याप्त स्थान उपलब्ध होता रहे।