नीमच। विवाह योग्य युवक-युवतियों के लिए रिश्तों की तलाश को आसान बनाने की पहल के तहत रविवार को नीमच के टाउन हॉल में शेख जमीयत-उल-अब्बास भिश्ती बिरादरी राष्ट्रीय समिति का परिचय सम्मेलन आयोजित किया गया। सम्मेलन में मध्यप्रदेश के साथ राजस्थान, गुजरात सहित करीब चार-पांच राज्यों से युवक-युवतियां एवं उनके परिजन शामिल हुए।
आयोजकों के अनुसार सम्मेलन में करीब 150 युवक-युवतियों ने हिस्सा लेने के लिए पंजीयन कराया। सम्मेलन की खासियत यह रही कि डॉक्टर, इंजीनियर, वकील सहित विभिन्न क्षेत्रों में कार्यरत उच्च शिक्षित युवक-युवतियों ने भी विवाह के लिए अपना परिचय दिया।
एडवोकेट जहीर अब्बासी ने बताया कि सम्मेलन का उद्देश्य विवाह योग्य युवक-युवतियों को एक मंच पर परिचय का अवसर उपलब्ध कराना है, ताकि कम समय और कम खर्च में उपयुक्त रिश्तों की तलाश आसान हो सके।
राष्ट्रीय अध्यक्ष अब्दुल करीम अब्बासी ने कहा कि समिति विवाह संबंधों को जोड़ने के साथ ही समाज में शिक्षा एवं सामाजिक कार्यों को बढ़ावा देने के लिए भी प्रयासरत है।
कार्यक्रम के दौरान समाज के लिए उत्कृष्ट योगदान देने वाले समाजजनों का सम्मान भी किया गया। कार्यक्रम का संचालन एडवोकेट जहीर अब्बासी ने किया।