नीमच। भारत विकास परिषद मुख्य शाखा नीमच द्वारा रविवार को रोटरी सामुदायिक भवन में ‘भारत को जानो’ प्रकल्प के तहत शाखा स्तरीय क्विज प्रतियोगिता आयोजित की गई। प्रतियोगिता में 10 विद्यालयों के चयनित मेधावी विद्यार्थियों ने जूनियर एवं सीनियर वर्ग में भाग लिया। विद्यार्थियों ने भारतीय इतिहास, संस्कृति, परंपराओं एवं समसामयिक विषयों से जुड़े प्रश्नों का उत्साहपूर्वक सामना किया।
प्रतियोगिता के प्रथम चरण में नगर के 10 विद्यालयों के करीब 2300 विद्यार्थियों ने लिखित परीक्षा में सहभागिता की थी। इसके बाद चयनित विद्यार्थियों ने क्विज प्रतियोगिता के दूसरे चरण में अपनी ज्ञान क्षमता, त्वरित निर्णय लेने की क्षमता एवं प्रतिभा का प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता में विजेता रहने वाली टीमें अब प्रांतीय स्तर पर आयोजित होने वाली प्रतियोगिता में नीमच शाखा का प्रतिनिधित्व करेंगी।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पुलिस अधीक्षक राजेश व्यास एवं जिला शिक्षा अधिकारी ऐश्वर्या मुंद्रा उपस्थित रहीं। शिक्षक दिवस के उपलक्ष्य में 10 विद्यालयों के प्राचार्यों एवं शिक्षकों का सम्मान भी किया गया।
प्रतियोगिता के विजेता एवं उपविजेता विद्यार्थियों को प्रमाण-पत्र, शील्ड एवं पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया। अतिथियों एवं परिषद पदाधिकारियों ने विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए उनकी प्रतिभा की सराहना की।