चित्तौड़गढ़। आचार्य तुलसी बहुउद्देशीय एटीबीएफ फाउंडेशन की ओर से एक और सामाजिक नवाचार करते हुए नई पुलिया क्षेत्र में ‘खुशियों के शोरूम’ का लोकार्पण किया गया। कार्यक्रम में कमल जैन एवं आदिति जैन मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे, जबकि संस्थापक सुनील ढीलीवाल ने अध्यक्षता की। विशिष्ट अतिथि के रूप में नवीन वरडिया एवं बृजेश मोदानी (भा.वि.प.) मौजूद रहे।
इस अवसर पर कमल जैन ने कहा कि ‘खुशियों के शोरूम’ के माध्यम से ऐसे जरूरतमंद लोगों को नए कपड़े, जूते-चप्पल और अन्य आवश्यक सामग्री उपलब्ध कराई जाएगी, जो भिक्षावृत्ति नहीं करते, लेकिन आर्थिक या अन्य परिस्थितियों के कारण मजदूरी करने में भी सक्षम नहीं हैं। उन्होंने कहा कि संस्था ऐसे जरूरतमंद लोगों की हरसंभव सहायता का प्रयास करेगी।
फाउंडेशन के संस्थापक सुनील ढीलीवाल ने बताया कि संस्था वर्ष 2021 से कलेक्ट्रेट चौराहे पर ‘नेकी की दीवार’ का संचालन कर रही है। यहां मजदूरों, ग्रामीण क्षेत्रों के जरूरतमंद लोगों और भिक्षावृत्ति करने वाले व्यक्तियों के लिए कपड़े व अन्य आवश्यक सामग्री उपलब्ध कराई जाती है। इसका लाभ लगातार जरूरतमंद लोगों को मिल रहा है।
उपाध्यक्ष तारा पारीक ने बताया कि ‘खुशियों के शोरूम’ का संचालन एटीबीएफ की महिला टीम द्वारा किया जाएगा। इसका उद्देश्य जरूरतमंद लोगों तक सम्मानपूर्वक आवश्यक सामग्री पहुंचाना है।
कार्यक्रम में महिला टीम से तारा सहलोत, नेहा सुराणा, सपना जैन, अरुण पोखरण, ज्योति चोपड़ा, दीपिका छिपा, श्वेता ढीलीवाल, राखी गुप्ता, मीनाक्षी लड्ढा, आशा वेद, निशिका ढीलीवाल एवं उषा कुमावत तथा पुरुष टीम से देव शर्मा, ललित टहल्याणी, कुंदन गुर्जर, संजय जैन, नासिर हुसैन सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे।