मनासा। मनासा होटल हलवाई संघ के चुनाव रविवार को भादवामाता में आयोजित हुए। चुनाव में सर्वसम्मति से दिनेश राठौर को अध्यक्ष और महावीर भंडारी को सचिव चुना गया। वहीं रमन विजयवर्गीय उपाध्यक्ष, जीतू राठौर कोषाध्यक्ष तथा मनोज खारोल एवं राम बाबू नागदा सहसचिव निर्विरोध निर्वाचित हुए। नवीन कार्यकारिणी का कार्यकाल दो वर्ष रहेगा।
संघ के पूर्व अध्यक्ष मनोज बिरला ने नवनियुक्त पदाधिकारियों का साफा एवं ओपरणा ओढ़ाकर सम्मान किया। कांग्रेस नेता मंगेश संघई ने कहा कि मनासा होटल हलवाई संघ की अपनी अलग पहचान और साख है। लंबे समय से यहां की मिठाइयों और नमकीन का स्वाद लोगों को पसंद आ रहा है। उन्होंने कहा कि यह साख आगे भी कायम रहे और मनासा की पहचान देश ही नहीं, विदेशों तक बने।
नवनियुक्त अध्यक्ष दिनेश राठौर ने कहा कि संघ ने उन्हें जो जिम्मेदारी सौंपी है, उसका पूरी ईमानदारी से निर्वहन करेंगे। वरिष्ठ सदस्यों के मार्गदर्शन में कार्य करते हुए संघ की समस्याओं का समाधान कराने का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने कहा कि मनासा की मिठाई और नमकीन सहित अन्य खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता की मांग नगर ही नहीं, विदेशों तक है। सभी व्यवसायी गुणवत्ता बनाए रखते हुए ईमानदारी से अपना व्यवसाय करें।
पूर्व अध्यक्ष मनोज बिरला ने कहा कि संघ ने कभी गुणवत्ता से समझौता नहीं किया। ग्राहकों को बेहतर गुणवत्ता वाले उत्पाद उपलब्ध कराना हमेशा प्राथमिकता रही है।
इस अवसर पर संघ सदस्य देवेंद्र चौधरी के पुत्र शशिकांत का यूपी पुलिस में सब-इंस्पेक्टर पद पर चयन होने पर सम्मान किया गया। संघ की ओर से सभी को मां भादवामाता की तस्वीर भेंट कर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में गोपाल विजयवर्गीय, मुकेश सेठिया, रूपेश राठौर, बालू भाई, जितेंद्र सेठिया, गजेंद्र चौखड़ा, संदीप चौखड़ा, पुनीत अग्रवाल, संदीप मुंगड़ सहित संघ के सदस्य उपस्थित रहे।