तराना। अति प्राचीन एवं आस्था के प्रमुख केंद्र श्री तिलभांडेश्वर महादेव की शाही सवारी को लेकर पुलिस प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर है। शाही सवारी के दौरान नगर में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के उमड़ने की संभावना को देखते हुए पुलिस प्रशासन द्वारा सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था को लेकर व्यापक तैयारियां की गई हैं। नगर के प्रमुख मार्गों सहित संवेदनशील स्थानों पर पुलिस बल की तैनाती के साथ ही ड्रोन कैमरों से भी निगरानी रखी जाएगी।
शाही सवारी के एक दिन पूर्व पुलिस प्रशासन द्वारा नगर के प्रमुख मार्गों पर फ्लैग मार्च निकाला गया। फ्लैग मार्च के माध्यम से पुलिस ने नगर की सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया तथा सवारी मार्ग एवं प्रमुख क्षेत्रों का निरीक्षण किया। फ्लैग मार्च में एसडीओपी राहुल खरे, थाना प्रभारी रामनारायण सिंह भदौरिया सहित पुलिस लाइन से आया पुलिस बल मौजूद रहा।
वहीं शाही सवारी के दौरान आसमान से भी नगर की निगरानी रखने की तैयारी की गई है। उज्जैन फोटो शाखा से शेखर, ओसाब कुरैशी एवं उनकी टीम विशेष रूप से तराना पहुंची, जहां टीम द्वारा ड्रोन कैमरे के माध्यम से नगर के प्रमुख मार्गों, सवारी मार्ग एवं आसपास के क्षेत्रों की निगरानी की गई। ड्रोन के माध्यम से भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों पर नजर रखी जाएगी, जिससे किसी भी अप्रिय स्थिति से तत्काल निपटा जा सके।
पुलिस प्रशासन द्वारा सवारी के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के साथ ही श्रद्धालुओं की सुरक्षा को प्राथमिकता दी जा रही है। पुलिस अधिकारियों द्वारा सवारी मार्ग का निरीक्षण कर आवश्यक व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया गया है। शाही सवारी को शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराने के लिए पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद नजर आ रहा है।