कुकड़ेश्वर। नगर कुकड़ेश्वर से मनासा जाने वाले मुख्य मार्ग पर बारिश के चलते इन दिनों सड़क के दोनों ओर की स्थिति बदहाल हो गई है। पानी की उचित निकासी नहीं होने से कई स्थानों पर भारी कीचड़ और दलदल की स्थिति बनी हुई है। जगह-जगह बारिश का पानी जमा होने से बदबू और सड़ांध की स्थिति पैदा हो गई है। वहीं, जलभराव के कारण मच्छरों का प्रकोप भी बढ़ने लगा है, जिससे लोगों में बीमारी फैलने की आशंका बनी हुई है।
मुख्य मार्ग से प्रतिदिन बड़ी संख्या में पैदल राहगीरों और दुपहिया वाहन चालकों का आवागमन होता है। सड़क के दोनों ओर कीचड़ और पानी जमा होने के कारण राहगीरों को साइड से निकलने में काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। वहीं, बड़े वाहन जब कीचड़युक्त पानी से गुजरते हैं तो पानी और कीचड़ उछलकर पैदल राहगीरों एवं दुपहिया वाहन चालकों पर पड़ता है। इससे वाहन चालकों का संतुलन बिगड़ने और दुर्घटना की आशंका भी बनी रहती है।
पैदल राहगीर और दुपहिया वाहन चालक सबसे ज्यादा परेशान-
नगरवासी सीताराम रामलाल ने बताया कि सड़क के दोनों ओर दलदल और पानी जमा होने से आवागमन में काफी परेशानी हो रही है। बड़े वाहन तो मुख्य सड़क से आसानी से निकल जाते हैं, लेकिन पैदल चलने वाले लोगों और दुपहिया वाहन चालकों को सबसे अधिक परेशानी उठानी पड़ रही है।
नगरवासियों ने नगर परिषद एवं लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) से मांग की है कि सड़क के दोनों ओर तत्काल गिट्टी, मुर्रम आदि डलवाकर रास्ते को दुरुस्त कराया जाए। साथ ही बारिश के पानी की निकासी के लिए उचित व्यवस्था की जाए, ताकि जलभराव और कीचड़ की समस्या से लोगों को राहत मिल सके।
लोगों का कहना है कि समय रहते समस्या का समाधान नहीं किया गया तो जलभराव और कीचड़ के कारण आवागमन प्रभावित होने के साथ दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ सकता है। वहीं, गंदे पानी के लंबे समय तक जमा रहने से मच्छरों की समस्या और उससे जुड़ी स्वास्थ्य संबंधी चिंताएं भी बढ़ सकती हैं।