नीमच। भाद्रपद मास की अजा एकादशी के अवसर पर सोमवार को नीमच नरेश के प्राचीन श्री श्याम मंदिर में श्रद्धा और भक्ति का उल्लास देखने को मिल रहा है। सुबह से ही बड़ी संख्या में श्रद्धालु बाबा श्याम के दर्शन के लिए मंदिर पहुंच रहे हैं। भक्त अपनी मनोकामनाओं के साथ बाबा के दरबार में शीश नवाकर आशीर्वाद प्राप्त कर रहे हैं।
धार्मिक मान्यताओं के अनुसार एकादशी भगवान विष्णु को समर्पित होती है। इस दिन व्रत, पूजा-अर्चना और भगवान का स्मरण करने से पुण्य की प्राप्ति होती है तथा भक्तों को मनोकामना पूर्ण होने का आशीर्वाद मिलता है।
दिल्ली-कोलकाता के फूलों से होगा शाही श्रृंगार-
अजा एकादशी के विशेष अवसर पर श्याम बाबा का दिल्ली और कोलकाता से मंगाए गए फूलों से आकर्षक शाही श्रृंगार किया जाएगा। इसके लिए मंदिर को विशेष रूप से सजाया गया है। फूलों की सजावट के बीच बाबा श्याम का मनोहारी श्रृंगार श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र रहेगा।
शाम को महाआरती और भव्य ताली कीर्तन-
आयोजन के तहत शाम 7 बजे महाआरती होगी। इसके बाद भव्य ताली कीर्तन का आयोजन किया जाएगा। कीर्तन में श्रद्धालु भक्ति भाव के साथ बाबा श्याम का गुणगान करेंगे। इसके पश्चात श्रद्धालुओं को फलाहारी प्रसाद वितरित किया जाएगा।
मंदिर दिनभर श्रद्धालुओं के दर्शन के लिए खुला रहेगा। वहीं बाबा के विशेष श्रृंगार के लिए दोपहर 3 से 5 बजे तक मंदिर के पट बंद रहेंगे।
अजा एकादशी के धार्मिक महत्व के बीच सोमवार को नीमच नरेश के दरबार में भक्ति, संगीत, श्रृंगार और आस्था का मनोहारी संगम देखने को मिलेगा।