देवरी खवासा। ग्राम देवरी खवासा स्थित भगवान चारभुजा नाथ मंदिर में 31 अगस्त को सुबह 9 बजे शुभ मुहूर्त में सात दिवसीय ‘सप्ताह जी’ का शुभारंभ किया गया था। ग्रामवासियों के सहयोग से सात दिनों तक मंदिर परिसर में 24 घंटे भजन-कीर्तन का आयोजन हुआ। पूरे आयोजन के दौरान गांव में भक्तिमय वातावरण बना रहा।
सप्ताह जी के दौरान युवाओं एवं वरिष्ठजनों ने बारी-बारी से भगवान चारभुजा नाथ मंदिर में पहरा दिया। श्रद्धालुओं ने सात दिनों तक भक्ति और श्रद्धा के साथ भजन-कीर्तन में भाग लिया।
सोमवार सुबह 9 बजे शुभ मुहूर्त में विधि-विधान के साथ सप्ताह जी का समापन किया गया। इसके बाद मंदिर परिसर में हवन का आयोजन हुआ। हवन में ग्राम पटेल, पंचों सहित बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने आहुतियां देकर सुख-समृद्धि की कामना की।
धूमधाम से भगवान भोलेनाथ मंदिर पहुंची सप्ताह जी-
हवन के बाद ग्रामीणजन सप्ताह जी को भक्तिभाव और उत्साह के साथ भगवान भोलेनाथ के मंदिर लेकर पहुंचे। इसके पश्चात भगवान चारभुजा नाथ मंदिर में विधि-विधान से महाआरती की गई। आरती के बाद श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया गया।
सात दिनों तक बना रहा भक्तिमय माहौल-
सात दिवसीय धार्मिक आयोजन में समस्त ग्रामवासियों ने बढ़-चढ़कर सहयोग किया। पूरे सप्ताह मंदिर परिसर में भजन-कीर्तन से माहौल भक्तिमय बना रहा। समापन अवसर पर भी बड़ी संख्या में ग्रामीण एवं श्रद्धालु मौजूद रहे और धार्मिक आयोजन में सहभागिता की।