शाजापुर। जिले के सुनेरा थाना क्षेत्र अंतर्गत नेशनल हाईवे-52 पर भिलवाड़िया के समीप मंगलवार को इंदौर से आगरा की ओर जा रही एक यात्री बस हादसे का शिकार हो गई। बताया जा रहा है कि चलती बस का अचानक अगला टायर फट गया, जिसके चलते बस अनियंत्रित होकर सड़क पर दुर्घटनाग्रस्त हो गई और पलट गई।
हादसे के वक्त बस में करीब 15 से 20 यात्री सवार बताए जा रहे हैं। अचानक हुए हादसे के बाद बस में चीख-पुकार और अफरा-तफरी का माहौल बन गया। चालक ने बस को संभालने का प्रयास किया, लेकिन तेज रफ्तार के चलते वाहन अनियंत्रित होकर पलट गया।
दुर्घटना में कुल 5 यात्री घायल हुए हैं। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची। सभी घायलों को तत्काल उपचार के लिए जिला चिकित्सालय शाजापुर पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों की निगरानी में उनका इलाज जारी है।
पुलिस द्वारा हादसे के कारणों की जांच की जा रही है। प्रारंभिक तौर पर बस का अगला टायर फटना हादसे की वजह बताया जा रहा है।