मनासा। मनासा-नीमच रोड पर सोमवार देर रात एक सड़क हादसे में श्रद्धालुओं से भरी ईको वाहन को पीछे से तेज गति से आ रही पिकअप ने जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में एक महिला सहित 7 लोग घायल हो गए। इनमें से दो घायलों की हालत गंभीर होने पर उन्हें बेहतर उपचार के लिए जिला अस्पताल नीमच रेफर किया गया। हादसे के बाद पिकअप चालक मौके से फरार हो गया।
जानकारी के अनुसार राजगढ़ जिले के भमरिया गांव निवासी हेमराज पिता मोहनलाल लोधा, मोहनलाल पिता मंगीलाल लोधा, बद्रीलाल पिता बाबूलाल लोधा, रतीलाल पिता बद्रीलाल लोधा, कन्हैयालाल पिता तंवाराम, रंजीत बाई पत्नी रामपाल एवं नारायणदास पिता रोडूलाल (सैंदल) नई ईको वाहन से राजस्थान के प्रसिद्ध धार्मिक स्थल सावलिया जी के दर्शन के लिए जा रहे थे।
ब्रेकर पर बंद हुई ईको, पीछे से पिकअप ने मारी टक्कर-
बताया जा रहा है कि सोमवार रात करीब 10रू30 बजे मनासा-नीमच रोड पर कॉलेज के सामने बने ब्रेकर के पास अचानक ईको वाहन बंद हो गया। इसी दौरान पीछे से तेज गति से आ रही पिकअप वाहन ने ईको को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि ईको वाहन क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे के बाद वाहन में सवार लोगों में चीख-पुकार मच गई। आसपास मौजूद लोग मौके पर पहुंचे और घायलों को बाहर निकालने में मदद की।
डायल 112 और एंबुलेंस पहुंची मौके पर
हादसे की सूचना मिलते ही डायल 112 और एंबुलेंस मौके पर पहुंची। सभी घायलों को तत्काल मनासा के शासकीय अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उनका उपचार शुरू किया। उपचार के दौरान दो घायलों की हालत गंभीर पाए जाने पर उन्हें बेहतर चिकित्सा सुविधा के लिए जिला अस्पताल नीमच रेफर किया गया। अन्य घायलों का उपचार मनासा अस्पताल में जारी रहा।
पिकअप चालक फरार, पुलिस तलाश में जुटी-
हादसे के बाद पिकअप चालक मौके से फरार हो गया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। पुलिस द्वारा फरार पिकअप चालक की तलाश की जा रही है। हादसे में क्षतिग्रस्त ईको वाहन को देखकर टक्कर की गंभीरता का अंदाजा लगाया जा सकता है। फिलहाल पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है।