नीमच। जिले के ग्राम गिरदौड़ा क्षेत्र में मुख्य मार्ग के किनारे बड़े पैमाने पर रेत का भंडारण चर्चा का विषय बना हुआ है। सड़क किनारे रेत के विशाल ढेर नजर आने के बाद ग्रामीणों और राहगीरों ने इसके वैध होने तथा भंडारण की अनुमति को लेकर सवाल उठाए हैं। मामले में खनिज विभाग की ओर से कार्रवाई नहीं होने को लेकर भी सवाल खड़े किए जा रहे हैं।
सड़क किनारे लगे रेत के बड़े ढेर-
मौके से सामने आए वीडियो और तस्वीरों में दुकानों एवं मुख्य सड़क के समीप बड़ी मात्रा में रेत के ढेर दिखाई दे रहे हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि यदि यह भंडारण बिना अनुमति किया जा रहा है तो इससे खनिज नियमों के साथ-साथ सड़क सुरक्षा को लेकर भी गंभीर स्थिति पैदा हो सकती है।
ग्रामीणों के अनुसार सड़क किनारे रेत के ढेर होने से हवा चलने पर धूल उड़ती है, जिससे राहगीरों को परेशानी होती है। इसके अलावा मुख्य मार्ग के समीप भारी मात्रा में सामग्री जमा होने से यातायात और दुर्घटना की आशंका भी बनी रहती है।
लंबे समय से भंडारण का दावा-
स्थानीय लोगों का कहना है कि क्षेत्र में रेत के इस प्रकार के भंडारण की गतिविधियां लंबे समय से चल रही हैं। ग्रामीणों के अनुसार क्षेत्र में डंपरों की आवाजाही भी बनी रहती है। हालांकि, रेत का भंडारण वैध अनुमति एवं निर्धारित नियमों के तहत किया जा रहा है या नहीं, यह जांच का विषय है।
खनिज विभाग की भूमिका पर उठे सवाल-
ग्रामीणों ने मामले में खनिज विभाग एवं प्रशासन से मौके का निरीक्षण कराने की मांग की है। उनका कहना है कि यदि भंडारण के लिए आवश्यक अनुमति नहीं है तो संबंधितों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जानी चाहिए।
अब देखना होगा कि शिकायतों और सामने आए वीडियो-फोटो के बाद प्रशासन एवं खनिज विभाग मौके पर जांच करता है या नहीं। रेत के भंडारण की वैधता और नियमों के पालन की स्थिति विभागीय जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।