नीमच। बछ बारस के पावन पर्व पर मंगलवार को नीमच स्थित गऊ नंदी सेवा धाम उपचार शाला में गौमाता एवं बछड़े के पूजन के लिए बड़ी संख्या में महिलाएं पहुंचीं। सुबह से ही सेवा धाम परिसर में श्रद्धालु महिलाओं की भीड़ रही। महिलाओं ने विधि-विधान से गौमाता एवं बछड़े का पूजन कर सुख-समृद्धि और संतान के मंगल की कामना की।
धार्मिक मान्यता के अनुसार बछ बारस के अवसर पर बछड़े वाली गौमाता का पूजन करने का विशेष महत्व माना जाता है। महिलाएं अपने पुत्रों की लंबी आयु, सुख-समृद्धि एवं रक्षा की कामना को लेकर गौमाता का पूजन करती हैं। श्रद्धालुओं ने गौमाता को तिलक लगाकर पूजा-अर्चना की और आरती कर आशीर्वाद लिया।
सेवा धाम में की गई विशेष व्यवस्थाएं-
पर्व को देखते हुए गऊ नंदी सेवा धाम उपचार शाला में श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए विशेष व्यवस्थाएं की गईं। समिति सदस्य मितेश अहीर एवं पार्थ जोशी ने बताया कि बछ बारस को लेकर महिलाओं में खासा उत्साह रहा। बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने सेवा धाम पहुंचकर गौमाता एवं बछड़े का पूजन किया और धार्मिक परंपरा के अनुसार पर्व मनाया।