नीमच। जिले के जीरन थाना क्षेत्र में मंगलवार दोपहर हुए दर्दनाक सड़क हादसे में 11 वर्षीय बालक की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य लोग घायल हो गए। जीरन पेट्रोल पंप के समीप बाइक और ट्रैक्टर की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई। हादसे के बाद ट्रैक्टर चालक मौके से फरार हो गया।
जानकारी के अनुसार जुनैद पिता अकबर खान, समीर पिता अकबर खान, अरबाज खान पिता इनायत खान, निवासी तालखेड़ा, तथा इस्माइल खान पिता अजीज खान बाइक से हर्कियाखाल से जीरन की ओर जा रहे थे। इसी दौरान सामने से आ रहे ट्रैक्टर ने बाइक को टक्कर मार दी। दुर्घटना में बाइक सवार चारों लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
परिजनों के अनुसार हादसे के बाद घायल कुछ समय तक सड़क पर पड़े रहे। सूचना मिलने पर एंबुलेंस मौके पर पहुंची और सभी घायलों को जीरन अस्पताल पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें नीमच जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
जिला अस्पताल में चिकित्सकों ने 11 वर्षीय समीर को मृत घोषित कर दिया। वहीं जुनैद, अरबाज और इस्माइल का उपचार जारी है। हादसे के बाद ट्रैक्टर चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है तथा फरार चालक की तलाश की जा रही है।