नीमच। उपनगर बघाना क्षेत्र में पिता-पुत्र के साथ कथित मारपीट और धमकाने के मामले को लेकर मुस्लिम इंतजामिया कमेटी की ओर से मंगलवार को पुलिस अधीक्षक को ज्ञापन सौंपा गया। ज्ञापन गुलाम रसूल खान के नेतृत्व में सौंपा गया, जिसमें 7 सितंबर की शाम हुई कथित घटना का उल्लेख करते हुए कुछ पुलिसकर्मियों पर गाली-गलौज, मारपीट और धमकाने के आरोप लगाए गए हैं।
ज्ञापन में बताया गया कि बघाना निवासी सरताज खां अपने पुत्र के साथ मोटरसाइकिल से जा रहे थे। इसी दौरान हुए विवाद के बाद कुछ पुलिसकर्मियों द्वारा उनके साथ कथित रूप से मारपीट किए जाने का आरोप लगाया गया है। कमेटी ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने तथा आरोपित पुलिसकर्मियों के विरुद्ध जांच में तथ्य सामने आने पर वैधानिक कार्रवाई करने की मांग की है।
कमेटी ने पुलिस अधीक्षक से मामले की निष्पक्ष जांच कर पीड़ित पक्ष को न्याय दिलाने की मांग की है।