चित्तौड़गढ़। निकाय चुनाव 2026 को लेकर शहर में कानून एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने, निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण चुनाव संपन्न कराने तथा आमजन में सुरक्षा का भरोसा कायम करने के उद्देश्य से मंगलवार को पुलिस ने फ्लैग मार्च निकाला। फ्लैग मार्च का नेतृत्व पुलिस अधीक्षक धर्मेन्द्र सिंह ने किया।
फ्लैग मार्च में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक गजेन्द्र सिंह, शगुन पंवार, डीवाईएसपी बृजेश सिंह सहित कोतवाली एवं सदर थाना पुलिस का जाप्ता, क्यूआरटी, पुलिस लाइन का जाप्ता तथा कालिका पेट्रोलिंग यूनिट शामिल रही। बड़ी संख्या में पुलिस अधिकारियों एवं जवानों की मौजूदगी से शहर में पुलिस की सक्रियता और मुस्तैदी का संदेश दिया गया।
प्रमुख मार्गों और संवेदनशील क्षेत्रों में पहुंचा पुलिस बल-
फ्लैग मार्च के दौरान पुलिस बल ने शहर के प्रमुख मार्गों, बाजारों एवं संवेदनशील क्षेत्रों में पैदल तथा वाहनों के साथ भ्रमण किया। पुलिस अधिकारियों ने आमजन से शांतिपूर्ण एवं भयमुक्त वातावरण में मतदान करने की अपील की। साथ ही भरोसा दिलाया कि चुनाव के दौरान कानून एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस पूरी तरह मुस्तैद रहेगी।
एसपी धर्मेन्द्र सिंह ने पुलिस अधिकारियों एवं जवानों को चुनाव के दौरान विशेष सतर्कता बरतने, संवेदनशील क्षेत्रों में लगातार निगरानी रखने तथा कानून-व्यवस्था से जुड़ी किसी भी स्थिति पर तत्काल प्रभावी कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
अराजक तत्वों को स्पष्ट संदेश-
फ्लैग मार्च के माध्यम से पुलिस ने असामाजिक एवं कानून व्यवस्था प्रभावित करने वाले तत्वों को स्पष्ट संदेश दिया कि चुनाव के दौरान किसी भी प्रकार की अव्यवस्था, भय का माहौल पैदा करने अथवा शांतिभंग करने का प्रयास बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। ऐसे तत्वों के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।
फ्लैग मार्च गोलप्याऊ से शुरू होकर पावटा चौक, देहली गेट, सदर बाजार और गांधी चौक होते हुए वापस गोलप्याऊ पहुंचकर संपन्न हुआ। पुलिस की व्यापक मौजूदगी से शहरवासियों एवं व्यापारियों में सुरक्षा का भरोसा मजबूत हुआ।
निकाय चुनाव को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं भयमुक्त वातावरण में संपन्न कराने के लिए पुलिस द्वारा लगातार निगरानी रखी जा रही है तथा आवश्यक सुरक्षा व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जा रही हैं।