चित्तौड़गढ़। महान फिल्म पार्श्वगायक स्व. महेंद्र कपूर की पुण्यतिथि की पूर्व संध्या पर स्थानीय आई.पी.एस. मेमोरियल फाउंडेशन की ओर से पुराने फिल्मी गीतों से सजी संगीतमय शाम ‘सूर-संगम’ का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम शनिवार, 26 सितंबर को शाम 7 बजे से नई पुलिया स्थित श्रीनाथ गार्डन में होगा।
पेनल अधिवक्ता एवं ग्रुप की संचालिका भारती गहलोत ने बताया कि संस्थान कार्यालय में ग्रुप के संस्थापक विजय मलकानी के नेतृत्व एवं निर्देशन में कलाकारों की बैठक आयोजित की गई। बैठक में मलकानी ने बताया कि इस बार स्व. महेंद्र कपूर की पुण्यतिथि के अवसर पर ‘सूर-संगम’ कार्यक्रम को भव्य रूप देने की तैयारियां की जा रही हैं।
उन्होंने बताया कि कार्यक्रम में महान फिल्म गायकों के सदाबहार पुराने गीतों की प्रस्तुतियां दी जाएंगी। कार्यक्रम के लिए संस्थान की ओर से विशेष रूप से स्पेशल क्वालिटी साउंड सिस्टम की व्यवस्था की गई है। स्थानीय अतिथियों के साथ प्रदेश स्तर के अतिथियों को भी कार्यक्रम में आमंत्रित किया गया है।
एक दर्जन से अधिक कलाकार देंगे प्रस्तुति-
कार्यक्रम संयोजक महेंद्र जोशी ने बताया कि आयोजन की तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है। कलाकारों की नियमित प्रैक्टिस गुरुवार, 10 सितंबर 2026 से संस्थान कार्यालय में शुरू होगी।
उन्होंने बताया कि ग्रुप के एक दर्जन से अधिक कलाकार ‘सूर-संगम’ की शाम में अपनी मनमोहक प्रस्तुतियां देंगे। सदाबहार गीतों और सुरों से सजी यह संगीतमय शाम संगीतप्रेमियों के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र रहेगी।