रीवा। जिले की सेमरिया से कांग्रेस विधायक अभय मिश्रा को रातीबड़ पुलिस ने हिरासत में ले लिया है। वे भोपाल में मंत्रालय के सामने धरना दे रहे थे। मिश्रा आधे घंटे ही बैठ पाए और पुलिस ने आकर उठा लिया।
मिश्रा रीवा के संजय गांधी मेडिकल कॉलेज से संबद्ध गांधी स्मारक अस्पताल में प्रसूता कल्पना मिश्रा और उसके नवजात बच्चे की मौत के मामले में सीबीआई जांच की मांग करने के साथ उपमुख्यमंत्री एवं स्वास्थ्य मंत्री राजेंद्र शुक्ल के इस्तीफे की मांग कर रहे हैं।
कल्पना मिश्रा की मौत 26 अगस्त की रात रीवा के गांधी स्मारक अस्पताल में उपचार के दौरान हुई थी। वह प्रसव के लिए अस्पताल में भर्ती हुई थीं। उपचार के दौरान उनकी और उनके नवजात बच्चे की मौत हो गई। घटना के बाद परिजनों ने अस्पताल के डॉक्टरों और नर्सिंग स्टाफ पर इलाज में लापरवाही के आरोप लगाए। हालांकि, मौत की वास्तविक वजह और चिकित्सा लापरवाही की अंतिम जिम्मेदारी जांच से ही तय होगी।
मौत से पहले का वीडियो सामने आया
मामला उस समय और गंभीर हो गया, जब कल्पना मिश्रा का मौत से कुछ घंटे पहले का वीडियो सामने आया। वीडियो में वह अस्पताल के महिला वार्ड से बाहर निकलकर रोते हुए मदद मांगती नजर आ रही है। वह इलाज को लेकर आशंका जताते हुए परिजनों से मदद की गुहार लगाती दिखती है। इस वीडियो के सामने आने के बाद परिजनों ने अस्पताल प्रबंधन पर गंभीर सवाल उठाए और जिम्मेदार डॉक्टरों के खिलाफ कार्रवाई की मांग तेज कर दी।
परिजनों का आरोप है कि उन्होंने कल्पना की हालत पर ध्यान देने और बेहतर इलाज देने की मांग की, लेकिन उनकी बात नहीं सुनी गई। मृतका के पिता ने जिम्मेदार डॉक्टरों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करने की मांग की है। परिवार का यह भी आरोप है कि इलाज के दौरान उनसे कथित तौर पर 30 हजार रुपए की मांग की गई थी। यह आरोप भी जांच का विषय है।
दो डॉक्टर और दो नर्सिंग अधिकारी निलंबित
मामले में प्रारंभिक कार्रवाई करते हुए दो डॉक्टरों और दो नर्सिंग अधिकारियों को निलंबित किया गया। निलंबित डॉक्टरों में डॉ. सोनल अग्रवाल और डॉ. निधि पांडे शामिल हैं। दो नर्सिंग अधिकारियों पर भी कार्रवाई की गई। सरकार ने मामले की जांच के लिए समिति गठित की है।
अस्पताल के अधीक्षक डॉ. राहुल मिश्रा को भी पद से हटा दिया गया। उनके परिजनों के साथ कथित अभद्र व्यवहार का वीडियो सामने आया था। उनकी जगह डॉ. प्रियांक शर्मा को अधीक्षक का प्रभार दिया गया।
इसके बाद श्याम शाह मेडिकल कॉलेज के डीन डॉ. सुनील कुमार अग्रवाल को भी पद से हटाकर सतना मेडिकल कॉलेज स्थानांतरित कर दिया गया। सतना मेडिकल कॉलेज के डीन डॉ. शशिधर प्रसाद गर्ग को रीवा की जिम्मेदारी दी गई। इस तरह मामले में अब तक अधीक्षक सहित छह लोगों पर कार्रवाई की बात सामने आई है।