भोपाल। मध्यप्रदेश कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी ने बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन के मध्यप्रदेश दौरे को लेकर निशाना साधा है। बुधवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान पटवारी ने कहा कि नितिन नबीन विकास का दिया जलाने नहीं, बल्कि विनाश का दिया जलाने आ रहे हैं।
पटवारी ने राहुल गांधी के ‘छात्रों की गूंज’ अभियान का जिक्र करते हुए शिक्षा और बेरोजगारी से जुड़े मुद्दे उठाए। उन्होंने कहा कि देश में बड़ी संख्या में छात्र उच्च शिक्षा से बाहर हैं और कई बच्चे स्कूली शिक्षा पूरी नहीं कर पा रहे हैं। पटवारी ने सरकारी स्कूलों को मजबूत करने और शिक्षा व्यवस्था में सुधार की जरूरत बताई।
उन्होंने दावा किया कि मध्यप्रदेश में करीब 49 हजार स्कूल बंद हुए हैं और बच्चों का ड्रॉपआउट रेट 32 प्रतिशत से अधिक है। साथ ही सरकारी विश्वविद्यालयों में बड़ी संख्या में पद खाली होने और देश में पेपर लीक के मामलों का भी उन्होंने जिक्र किया।
पटवारी ने कहा कि 2028 में कांग्रेस की सरकार बनने पर केजी से पीजी तक की शिक्षा मुफ्त करने का काम किया जाएगा। वहीं ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम के लिए पैसे लिए जाने के सवाल पर उन्होंने कहा कि नेता प्रतिपक्ष पहले भी देश में कार्यक्रम करते रहे हैं। उन्होंने बीजेपी और आरएसएस के कार्यक्रमों का जिक्र करते हुए सवाल उठाया कि क्या उनसे भी इसी तरह फीस जमा कराई गई थी।
बीजेपी राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन के दौरे को लेकर पटवारी ने अपने बयान को दोहराते हुए कहा कि वे विकास का दिया जलाने नहीं, बल्कि विनाश का दिया जलाने आ रहे हैं।