कायथा। सावन के पवित्र माह में देवधाम सुमराखेड़ा के बा साब पंडा जी द्वारा 41 दिनों तक मौन व्रत धारण कर कठिन एवं घोर तपस्या की गई। तपस्या पूर्ण होने के पश्चात देवधाम सुमराखेड़ा लौटने पर काली तलाई से धर्म ध्वजा यात्रा निकाली गई।
धर्म ध्वजा यात्रा ढोल-ताशों एवं भक्तिमय माहौल के साथ आगे बढ़ी। मार्ग में आने वाले विभिन्न गांवों में श्रद्धालुओं एवं ग्रामीणों द्वारा पंडा जी का जगह-जगह पुष्पमालाओं से स्वागत किया गया। श्रद्धालुओं ने पुष्प वर्षा कर एवं श्रीफल भेंट कर उनका अभिनंदन किया।
इस दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु धर्म ध्वजा यात्रा में शामिल हुए। लोगों ने पंडा जी द्वारा 41 दिनों तक की गई कठिन मौन तपस्या की सराहना करते हुए इसे धर्म और आस्था की मिसाल बताया। जगह-जगह हुए भव्य स्वागत से पंडा जी भावविभोर नजर आए।