नीमच। हायर सेकेंडरी मैदान को बचाने की मांग को लेकर मैदान में रोजाना अभ्यास करने वाले बच्चों ने मुंह पर काली पट्टी बांधकर सांकेतिक विरोध जताया। मूकबधिर छात्रावास के सामने बच्चे कतारबद्ध होकर मौन खड़े रहे और मैदान बचाने का संदेश दिया।
बच्चों का कहना था कि यह मैदान उनके खेल, अभ्यास और भविष्य से जुड़ा हुआ है। लंबे समय से मैदान बचाने की मांग उठाई जा रही है, लेकिन मांगों पर अपेक्षित ध्यान नहीं दिए जाने से बच्चों में नाराजगी है। इसी नाराजगी को जाहिर करने के लिए उन्होंने मौन प्रदर्शन का रास्ता अपनाया।
आंदोलनकारियों ने कहा कि मैदान बचाने की मुहिम को लेकर अलग-अलग तरह की बातें सामने आ रही हैं, लेकिन बच्चों का यह प्रदर्शन उनकी भावनाओं को सीधे तौर पर सामने रखता है। बच्चों ने मैदान को खेल गतिविधियों के लिए सुरक्षित रखने की मांग की।
धरना भी जारी-
इधर, मैदान बचाओ समिति का धरना लगातार जारी है। समिति ने एक बार फिर मैदान को बच्चों और खिलाड़ियों के लिए सुरक्षित रखने की मांग दोहराई। समिति का कहना है कि मैदान खेल प्रतिभाओं के अभ्यास का महत्वपूर्ण स्थान है और इसे बचाने के लिए आंदोलन जारी रहेगा।