मंदसौर। सीतामऊ फाटक स्थित ब्रिज पर हुए दर्दनाक सड़क हादसे में एक ऊंट की असमय मौत हो गई। राजस्थान के रेबारी समाज के लोग ऊंटों को लेकर ब्रिज से गुजर रहे थे। इसी दौरान सामने से तेज गति से आ रहे वाहन को देखकर एक ऊंट घबरा गया और संतुलन बिगड़ने से ब्रिज से नीचे जा गिरा। ऊंचाई से गिरने और गंभीर चोट लगने के कारण उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही मूक पशु-पक्षियों की सेवा एवं संरक्षण में सक्रिय गौ आरोग्य सेवा समिति के अध्यक्ष ओम बड़ोदिया मौके पर पहुंचे। उन्होंने क्षेत्रीय पार्षद प्रतिनिधि शैलेंद्र गिरी गोस्वामी और ऊंट के मालिक के साथ मिलकर नगर पालिका प्रशासन से संपर्क किया। इसके बाद नगर पालिका की जेसीबी और ट्रैक्टर मौके पर बुलवाए गए।
मृत ऊंट को सम्मानपूर्वक ट्रैक्टर की मदद से सुरक्षित स्थान पर ले जाया गया। इसके बाद जेसीबी की सहायता से गड्ढा खोदकर धार्मिक रीति-रिवाज एवं विधि-विधान के साथ उसका अंतिम संस्कार किया गया। इस मानवीय पहल की मौके पर मौजूद लोगों ने सराहना की।
तेज रफ्तार पर नियंत्रण की अपील-
ओम बड़ोदिया ने घटना पर दुख जताते हुए कहा कि प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार तेज गति से आ रहे वाहन के कारण ऊंट घबरा गया और हादसा हुआ। उन्होंने वाहन चालकों से राजमार्गों एवं शहर के प्रमुख मार्गों पर गति नियंत्रित रखते हुए सावधानी से वाहन चलाने की अपील की, ताकि मूक पशु-पक्षियों की जान को खतरा न हो।
उन्होंने प्रशासन से सीतामऊ फाटक स्थित ब्रिज के दोनों ओर सुरक्षा जालियां लगाने की भी मांग की, ताकि भविष्य में इस तरह की दुर्घटनाओं को रोका जा सके।