चल्दु। श्री सांवलिया मित्र मंडल चल्दु के तत्वावधान में भव्य ऐतिहासिक पंचम पैदल यात्रा का आयोजन 11 सितंबर 2026, शुक्रवार से किया जाएगा। यात्रा का उद्देश्य क्षेत्र में सुख-शांति एवं समृद्धि, अच्छी वर्षा और सनातन धर्म के प्रति जागरूकता का संदेश देना है। यात्रा पूर्णतः निरूशुल्क रहेगी। यात्रियों के लिए चाय-नाश्ता, भोजन एवं अन्य व्यवस्थाएं श्री सांवलिया मित्र मंडल द्वारा की जाएंगी।
यात्रा में शामिल होने वाले श्रद्धालुओं को 10 सितंबर तक पंजीयन कराना अनिवार्य किया गया है। चल्दु सहित आसपास के सगरग्राम, सिमखेड़ा, मात्याखेड़ी, अरनिया, बोराना, बरखेड़ा, सोंधिया, भंवरासा, चंगेरी सहित करीब 10 से 15 गांवों के पदयात्री यात्रा में शामिल होंगे।
11 सितंबर को चल्दु से होगी शुरुआत-
दो दिवसीय यात्रा 11 सितंबर को सुबह 6 बजे श्री चिंताहरण बालाजी मंदिर परिसर, बस स्टैंड चल्दु से प्रारंभ होगी। यात्रा हरकियाखाल, भाटखेड़ा, जमुनिया कला होते हुए नीमच पहुंचेगी। यात्रा में श्री सांवलिया जी का रथ, ढोल-धमाके और डीजे आकर्षण का केंद्र रहेंगे। मार्ग में विभिन्न स्थानों पर यात्रा का स्वागत किया जाएगा।
नीमच से यात्रा कनावटी, सगराणा घाटी होते हुए नयागांव के रास्ते निंबाहेड़ा बाईपास स्थित श्री राम गौशाला पहुंचेगी। यहां यात्रियों के लिए भोजन एवं रात्रि विश्राम की व्यवस्था रहेगी। रात में गौशाला परिसर में भजन संध्या का आयोजन भी किया जाएगा।
12 सितंबर को मंडफिया धाम पहुंचेगी यात्रा-
12 सितंबर, शनिवार को सुबह 6 बजे चाय-नाश्ते के साथ यात्रा पुनरू प्रारंभ होगी। निंबाहेड़ा गौशाला से रवाना होकर डोरिया चौराहे पर चाय-नाश्ता किया जाएगा। इसके बाद यात्रा आवरी माता जी पहुंचेगी, जहां सभी यात्रियों के लिए दोपहर के भोजन की व्यवस्था रहेगी।
शाम करीब 5 से 6 बजे तक सभी पदयात्री मंडफिया धाम स्थित सांवरा सेठ के दरबार में पहुंचेंगे। यहां श्री सांवलिया मित्र मंडल की ओर से भगवान श्री सांवरिया सेठ ठाकुर जी महाराज को 56 भोग अर्पित किया जाएगा तथा महाप्रसादी का आयोजन होगा। भोजन-प्रसादी के बाद यात्रा का मंडफिया धाम में समापन होगा और सभी यात्री अपने-अपने घरों के लिए रवाना होंगे। यात्रा की जानकारी यात्रा अध्यक्ष दशरथ सेन एवं सरपंच महेंद्र सिंह, चल्दु ने दी।