मनासा। धनगर पुरबिया समाज नवयुवक मंडल द्वारा भगवान देवनारायण का चौदहवां जन्मोत्सव इस वर्ष भी धूमधाम और श्रद्धा के साथ मनाया जाएगा। आयोजन को लेकर समिति की आवश्यक बैठक आयोजित हुई, जिसमें समाज के पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने सर्वसम्मति से जन्मोत्सव कार्यक्रम की रूपरेखा तय की।
समिति के अनुसार 17 सितंबर 2026 को भगवान देवनारायण जन्मोत्सव के अवसर पर नगर में भव्य चल समारोह निकाला जाएगा। इसमें बैंड, ढोल, डीजे, अखाड़े, वाना पार्टी और पुष्पवर्षा के साथ भगवान देवनारायण की आकर्षक झांकी शामिल रहेगी। चल समारोह नगर के प्रमुख मार्गों से होकर निकलेगा। इस दौरान नगर की विभिन्न सामाजिक संस्थाओं एवं भक्तों द्वारा जगह-जगह भगवान देवनारायण की पूजा-अर्चना कर झांकी के दर्शन किए जाएंगे।
14 से 16 सितंबर तक तीन दिवसीय कथा
जन्मोत्सव के उपलक्ष्य में 14 सितंबर से 16 सितंबर तक भगवान देवनारायण की तीन दिवसीय कथा का आयोजन किया जाएगा। कथा प्रतिदिन रात्रि 8 बजे पुरबिया मोहल्ला स्थित आयोजन स्थल पर होगी।
धनगर पुरबिया समाज ने नगर की धर्मप्रेमी जनता और सभी श्रद्धालु भक्तों से अधिक से अधिक संख्या में कथा में शामिल होकर धर्मलाभ लेने की अपील की है।
बैठक में समिति के भरत सराह, प्रेमचंद कछावा, हेमंत पंवार, पप्पू पाल, परमानंद रैकवार, हरीश सराह, प्रकाश हाड़ा, रमेश रैकवार, शंकर कछावा, रमेश पंवार, नानालाल कछावा, सुनील कछावा, राधेश्याम गुजेला, नरेंद्र पवार, राजेश सराह सहित समिति के सदस्य उपस्थित रहे।