नीमच। संत शिरोमणि रविदास जी महाराज की 650वीं जयंती के अवसर पर भाजपा द्वारा निकाली गई सामाजिक समरसता कलश वंदन यात्रा ने नीमच जिले में सामाजिक एकता और समरसता का संदेश पहुंचाया। 20 अगस्त से शुरू हुई यह यात्रा जिले के 18 मंडलों से होते हुए गांव-गांव और ग्राम पंचायतों तक पहुंची। गुरुवार को नीमच शहर में विभिन्न महापुरुषों की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण के बाद यात्रा का टाउन हॉल में समापन होगा।
यात्रा के दौरान संत रविदास जी के विचारों, दोहों और सामाजिक जागरण के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने का प्रयास किया गया। ग्रामीण क्षेत्रों में लोगों ने कलश का पूजन कर यात्रा का स्वागत किया। इस दौरान विभिन्न महापुरुषों और वीरांगनाओं की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण कर उनके योगदान को नमन किया गया।
वार्ड 38 के पार्षद एवं एडवोकेट शशिकुमार कल्याणी ने बताया कि यात्रा बघाना के प्रमुख मार्गों से होते हुए वीर सावरकर की प्रतिमा स्थल पर पहुंची, जहां माल्यार्पण किया गया। इससे पहले रानी अवंतिका बाई लोधी की प्रतिमा पर भी पुष्पांजलि अर्पित की गई।
भाजपा जिला महामंत्री धनसिंह ने कहा कि यात्रा के दौरान जिलेभर में लोगों का सहयोग और उत्साह मिला। संत रविदास जी के संदेश को गांव-गांव तक पहुंचाते हुए सामाजिक समरसता की भावना को मजबूत करने का प्रयास किया गया। यात्रा का समापन गुरुवार को टाउन हॉल में वरिष्ठ नेताओं एवं पदाधिकारियों की मौजूदगी में होगा।