नीमच। विद्यार्थियों के बेहतर स्वास्थ्य एवं सर्वांगीण विकास के उद्देश्य से ज्ञानोदय इंटरनेशनल स्कूल में विशाल निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण शिविर आयोजित किया गया। शिविर में करीब 1200 विद्यार्थियों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। ज्ञानोदय मल्टीस्पेशलिटी अस्पताल की विशेषज्ञ चिकित्सक टीम ने विद्यार्थियों के स्वास्थ्य की जांच कर आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श प्रदान किया।
शिविर में चिकित्सा अधीक्षक डॉ. प्रदीप जैन, सीईओ डॉ. राकेश अरोड़ा, आरएमओ डॉ. पूजा पाटीदार, डॉ. सौरभ बच्चानी एवं डॉ. पूजा सोनी ने सेवाएं दीं। चिकित्सकों ने विद्यार्थियों के स्वास्थ्य से जुड़े विभिन्न पहलुओं की जांच की तथा उन्हें स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया।
चिकित्सकों ने विद्यार्थियों को संतुलित एवं पौष्टिक आहार, नियमित व्यायाम, स्वच्छता और स्वस्थ दिनचर्या के महत्व की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि नियमित स्वास्थ्य परीक्षण से बच्चों में स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं की समय रहते पहचान की जा सकती है, जिससे आवश्यक उपचार एवं सावधानियां अपनाना आसान होता है। बच्चों में रोग प्रतिरोधक क्षमता कमजोर होने के कारण मौसमी बीमारियों एवं संक्रमण का खतरा रहता है, इसलिए उनके पौष्टिक आहार पर विशेष ध्यान देना आवश्यक है।
विद्यालय की निर्देशिका डॉ. गरिमा चौरसिया ने कहा कि विद्यार्थियों को बेहतर शिक्षा देने के साथ उनका शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य भी अत्यंत महत्वपूर्ण है। स्वस्थ विद्यार्थी ही शिक्षा और अन्य गतिविधियों में बेहतर प्रदर्शन कर सकता है। इसी उद्देश्य से विद्यालय द्वारा समय-समय पर स्वास्थ्य एवं जागरूकता संबंधी कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों को स्वस्थ जीवनशैली से जुड़े विभिन्न टिप्स भी दिए। शिविर को लेकर विद्यार्थियों में उत्साह देखने को मिला।
विद्यालय के प्राचार्य आशुतोष रस्तोगी ने कहा कि विद्यार्थियों का स्वास्थ्य विद्यालय की सर्वाेच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। शिक्षा के साथ बच्चों का शारीरिक एवं मानसिक रूप से स्वस्थ रहना आवश्यक है। नियमित स्वास्थ्य परीक्षण से संभावित स्वास्थ्य समस्याओं की प्रारंभिक अवस्था में पहचान कर उचित परामर्श एवं उपचार सुनिश्चित किया जा सकता है। ऐसे शिविर विद्यार्थियों में स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने के साथ उनके सर्वांगीण विकास में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
विद्यालय परिवार ने ज्ञानोदय मल्टीस्पेशलिटी अस्पताल की चिकित्सक टीम का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस प्रकार के स्वास्थ्य शिविर विद्यार्थियों के स्वस्थ एवं उज्ज्वल भविष्य के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। शिविर विद्यालय की स्वास्थ्य के प्रति सजगता और सामाजिक सरोकारों का भी उदाहरण रहा। इस अवसर पर स्वास्थ्यकर्मी, शिक्षक एवं विद्यालय स्टाफ उपस्थित रहे।