चित्तौड़गढ़। सालवी समाज चित्तौड़गढ़ की ओर से लोकदेवता बाबा रामदेव की भादवी बीज के अवसर पर 11वीं शोभायात्रा एवं तृतीय प्रतिभा सम्मान समारोह आयोजित किया जाएगा। समारोह में समाज की 101 प्रतिभाओं एवं 25 भामाशाहों का सम्मान किया जाएगा।
मुख्य संयोजक मदनलाल सालवी, हंसराज सालवी, रतनलाल सालवी, राजेंद्र सालवी एवं श्यामलाल सालवी ने संयुक्त विज्ञप्ति में बताया कि कार्यक्रम की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। शोभायात्रा के मार्ग में स्वागत द्वार, जलपान एवं प्रसाद वितरण की व्यवस्थाओं के लिए जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।
उन्होंने बताया कि 13 सितंबर को सुबह 9 बजे सुभाष चौक से शोभायात्रा प्रारंभ होगी, जो निर्धारित मार्गों से होते हुए ऑडिटोरियम पहुंचेगी। यहां महाआरती के बाद महासम्मेलन एवं तृतीय प्रतिभा सम्मान समारोह आयोजित होगा। समारोह में कक्षा 8वीं, 10वीं एवं 12वीं के विद्यार्थियों, नवनियुक्त राजकीय कर्मचारियों, सेवानिवृत्त समाजजनों, जिला एवं उससे ऊपर स्तर की खेल प्रतिभाओं तथा विभिन्न सांस्कृतिक एवं शैक्षिक गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को सम्मानित किया जाएगा। साथ ही समाज के 25 भामाशाहों का भी सम्मान होगा।
कार्यक्रम में महिला प्रतिनिधियों की ओर से प्रसाद के रूप में करीब 250 किलो हलवा तैयार कर वितरित किया जाएगा।
कार्यक्रम को अंतिम रूप देने में संयोजक मंडल के मन्नालाल पुठोली, भंवरलाल सालवी, किशनलाल सालवी, मांगीलाल जालमपुरा, मोहनलाल बेगूं, दिनेशचंद्र प्रतापनगर, रोशनलाल सुवानिया, प्रहलाद पांडोली, गोवर्धनलाल रोलाहेड़ा, रतनलाल पाटनिया, किशोर खर्राटा, मुकेश भंडारिया, देवकृष्ण धनेतकलां, नगर अध्यक्ष दीपक सालवी, मुकेश सालवी सहित महिला मंडल के प्रतिनिधि जुटे हुए हैं।