नीमच। उपनगर बघाना स्थित दादी धाम में भादी मावस के अवसर पर गुरुवार से दो दिवसीय श्री राणी सती दादी महोत्सव का भव्य शुभारंभ हुआ। फूलों से सजे दादीजी के मनमोहक दरबार में श्रद्धा, भक्ति और उत्सव का अनूठा संगम देखने को मिला। भजनों के साथ श्रद्धालुओं की उत्साहपूर्ण सहभागिता ने पूरे परिसर को भक्तिमय बना दिया।
महोत्सव के पहले दिन भागलपुर से पहुंची प्रसिद्ध भजन गायिका तान्या अग्रवाल ने दादीजी के भजनों की प्रस्तुति देकर श्रद्धालुओं को भक्तिरस में डुबो दिया। कार्यक्रम का विशेष आकर्षण ‘भजनों के संग दादी की हाउजी’ रहा, जिसमें श्रद्धालुओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। वहीं पुराण, भागवत और रामायण से जुड़े प्रश्नों पर आधारित धार्मिक प्रश्नोत्तरी ने मनोरंजन के साथ श्रद्धालुओं के धार्मिक ज्ञान को भी जोड़ा।
महिला मंडल की ओर से विभिन्न प्रस्तुतियां दी गईं। मेहंदी-हल्दी कार्यक्रम सहित अन्य आयोजनों में महिलाओं ने उत्साह से सहभागिता की। दादी परिवार के सदस्यों की सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने महोत्सव में उत्सव का रंग घोल दिया। परिसर में फूड जोन के साथ विभिन्न स्टॉल भी लगाए गए हैं।
आज होंगे विशेष धार्मिक आयोजन-
भादी मावस के मुख्य अवसर पर शुक्रवार सुबह 6.30 बजे से गणेश पूजन, दादी अभिषेक, ध्वज पूजन, ध्वजारोहण, आरती और विशेष धोक पूजा होगी। दोपहर 12.30 बजे से नागपुर की उज्ज्वल खाकोलिया नृत्य-नाटिका टीम के साथ संगीतमय मंगल पाठ का आयोजन किया जाएगा। मंदिर में अखंड ज्योत प्रज्ज्वलित रहेगी और दादीजी को छप्पन भोग अर्पित किया जाएगा।
कलकत्ता और दिल्ली के कारीगरों द्वारा किए गए विशेष श्रृंगार तथा फूलों से सजा दादी धाम भादी मावस के अवसर पर श्रद्धालुओं के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र रहेगा।