नीमच। यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियन्स के आह्वान पर शुक्रवार, 11 सितंबर को देशभर में बैंक कर्मचारी हड़ताल पर रहेंगे। इसके तहत नीमच जिले की सभी बैंकों में भी हड़ताल रहेगी। एआईबीईए, एआईबीओए, एनसीबीई, बीईएफई, आईएनबीईएफ, आईएनबीसी सहित विभिन्न बैंक यूनियनों के सदस्य हड़ताल में शामिल होंगे।
यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियन्स के जिला अध्यक्ष किशोर जेवरिया एवं सचिव सतीश भटनागर ने बताया कि पांच दिवसीय बैंक सप्ताह लागू करने, सरकार की पीएलआई योजना में कथित भेदभाव, द्विपक्षीय वार्ता में सहमत मुद्दों पर वादा खिलाफी तथा लंबित मांगों को लेकर कर्मचारी हड़ताल कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि बैंक कर्मचारियों एवं बैंकों की संख्या लगातार कम होने से ग्राहक सेवा भी प्रभावित हो रही है।
मांगों के समर्थन में नीमच जिले के बैंक कर्मचारी एवं अधिकारी सुबह 10.30 बजे पंजाब नेशनल बैंक, टैगोर मार्ग शाखा के सामने एकत्र होकर प्रदर्शन करेंगे।
बैंक यूनियन नेताओं ने बताया कि मांगों का निराकरण नहीं होने पर 28, 29 और 30 सितंबर को राष्ट्रव्यापी हड़ताल तथा 26 अक्टूबर से अनिश्चितकालीन बैंक हड़ताल का भी आह्वान किया गया है।