नीमच। भारत विकास परिषद सुभाष शाखा की कार्यकारिणी की चौथी बैठक सेकंड होम में संपन्न हुई। बैठक में शाखा द्वारा अब तक किए गए सेवा कार्यों की समीक्षा के साथ आगामी कार्यक्रमों एवं सेवा गतिविधियों की रूपरेखा पर विस्तार से चर्चा की गई।
शाखा सचिव प्रमोद मालू ने परिषद द्वारा अब तक किए गए सेवा कार्यों की जानकारी दी। इसके साथ ही आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा प्रस्तुत की। सदस्यों की सहमति से शाखा के आगामी कार्यक्रमों एवं सेवा गतिविधियों को लेकर कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए।
बैठक में भारत विकास परिषद मध्य भारत पश्चिमी प्रांत के तत्वावधान में आयोजित होने वाली प्रांतीय स्तर की ‘भारत को जानो’ प्रतियोगिता 27 सितंबर को ओसियन पब्लिक स्कूल, सरवानिया महाराज में आयोजित करने का सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया। प्रांतीय प्रतियोगिता प्रमुख ललित राठी ने बताया कि प्रतियोगिता में प्रांत की 25 शाखाओं के पदाधिकारी, विभिन्न स्कूलों के विद्यार्थी एवं शिक्षक भाग लेंगे। प्रतियोगिता मध्य भारत पश्चिमी प्रांत के मार्गदर्शन में तथा भारत विकास परिषद सुभाष शाखा नीमच के आयोजन में संपन्न होगी।
बैठक में शाखा द्वारा एक दिवसीय गरबा महोत्सव एवं दीपावली मिलन समारोह आयोजित करने को लेकर भी चर्चा की गई।
ग्राम विकास कार्यक्रम के अंतर्गत सतीश पाटीदार द्वारा शासकीय माध्यमिक विद्यालय में शौचालय के नवीनीकरण कार्य करवाने के संबंध में चर्चा की गई। वहीं एनीमिया मुक्त भारत अभियान के तहत स्वीटी खंडेलवाल द्वारा एनीमिया जांच एवं जागरूकता शिविर आयोजित करने को लेकर विचार-विमर्श किया गया।
शाखा अध्यक्ष मनीष गर्ग ने बताया कि आगामी माह में ग्रामीण क्षेत्र में एक स्वास्थ्य शिविर एवं एक रक्तदान शिविर का आयोजन भी किया जाएगा।
कोषाध्यक्ष अशोक सोनी ने शाखा का आय-व्यय विवरण प्रस्तुत किया। बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि प्रांत के निर्देशानुसार निर्धारित सभी कार्यक्रमों एवं सेवा गतिविधियों को समयबद्ध रूप से पूर्ण कराया जाएगा, ताकि शाखा सामाजिक सेवा एवं राष्ट्र निर्माण के कार्यों में निरंतर सक्रिय भूमिका निभाती रहे।
बैठक में कार्यकारिणी के 40 सदस्यों ने आगामी कार्यक्रमों को सफल बनाने के लिए सक्रिय सहभागिता एवं सहयोग का संकल्प लिया।