नीमच। उपनगर बघाना स्थित दादी धाम में भादी मावस महोत्सव के दूसरे दिन श्रद्धा और भक्ति का माहौल रहा। सुबह से ही बड़ी संख्या में श्रद्धालु दादी मां के दर्शन के लिए पहुंचे। वैदिक मंत्रोच्चार के बीच अभिषेक, ध्वजारोहण और विशेष धूप पूजा सहित विभिन्न धार्मिक अनुष्ठान संपन्न हुए। भव्य विद्युत सज्जा से सजा दादी धाम श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र बना रहा।
महोत्सव का मुख्य आकर्षण संगीतमय मंगल पाठ रहा। नागपुर से आए उज्ज्वल खाकोलिया एवं उनकी टीम ने मंगल पाठ की प्रस्तुति दी। भक्ति गीतों और भजनों पर श्रद्धालु भावविभोर होकर झूमते नजर आए। नृत्य-नाटिका की मनोहारी प्रस्तुति ने आयोजन की भव्यता बढ़ा दी।
आयोजक कैलाश धानुका ने बताया कि दादी मां के प्रति नीमच सहित आसपास के क्षेत्रों में श्रद्धालुओं की आस्था लगातार बढ़ रही है। मंगल पाठ में उमड़ी भीड़ इसका प्रमाण रही। उन्होंने बताया कि दादी धाम परिसर में 54 देवी-देवताओं की प्रतिमाएं स्थापित हैं, जहां श्रद्धालुओं को एक ही परिसर में विभिन्न देवी-देवताओं के दर्शन का अवसर मिलता है।
दादी मां के अलौकिक स्वरूप के दर्शन, भजनों की गूंज और भक्ति में सराबोर श्रद्धालुओं से मंदिर परिसर देर तक भक्तिमय बना रहा। भादी मावस के अवसर पर दादी धाम में भक्ति, संगीत और आध्यात्मिक उल्लास का संगम देखने को मिला।