सरवानिया महाराज। शासकीय उच्चतर माध्यमिक सांदीपनि विद्यालय में चल रही त्रैमासिक परीक्षा के बीच शुक्रवार को अधिकारियों ने औचक निरीक्षण किया। इस दौरान अधिकारियों ने परीक्षा कक्षों में पहुंचकर विद्यार्थियों की उपस्थिति एवं अनुपस्थिति की जानकारी ली तथा परीक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।
अधिकारियों ने विद्यार्थियों द्वारा प्रश्न-पत्र हल करने के तरीके और उनकी लिखावट का भी अवलोकन किया। साथ ही विद्यार्थियों ने शिक्षकों के सहयोग से तैयार किए गए टीएलएम (टीचिंग लर्निंग मटेरियल) का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने विद्यार्थियों के प्रयासों की सराहना की।
नवनिर्मित लैब का भी किया निरीक्षण-
निरीक्षण के दौरान विद्यालय में तैयार की गई नवनिर्मित लैब का भी अवलोकन किया गया। अधिकारियों ने लैब में उपलब्ध सुविधाओं एवं व्यवस्थाओं की जानकारी ली और शैक्षणिक गतिविधियों में इसके प्रभावी उपयोग पर जोर दिया।
अधिकारियों ने शिक्षकों से कहा कि विद्यार्थियों की सीखने की क्षमता को बढ़ाने के लिए पियर रीडिंग कॉन्सेप्ट को प्रभावी ढंग से लागू किया जाए। विद्यार्थियों को आपस में पढ़ने, विषय को समझने और एक-दूसरे से सीखने के लिए प्रोत्साहित करने पर विशेष जोर दिया गया।
निरीक्षण के दौरान अपर संचालक भोपाल बलवंत वर्मा, एडीपीसी नीमच निखिल पाटीदार एवं विकासखंड शिक्षा अधिकारी जावद मदन लाल वर्मा मौजूद रहे।