शाजापुर। हिंदी दिवस के अवसर पर हिंदी भाषा, साहित्य एवं संस्कृति की समृद्ध परंपरा को समर्पित भव्य कवि सम्मेलन का आयोजन 14 सितंबर 2026 को शाजापुर में किया जाएगा। कार्यक्रम दोपहर 1 बजे होटल कान्हा पैलेस, एबी रोड, शाजापुर में आयोजित होगा।
स्थानीय संयोजक अमन जादौन ने बताया कि कवि सम्मेलन में देश-प्रदेश के ख्यातनाम कवि एवं कवयित्रियां अपनी रचनाओं की प्रस्तुति देंगे। आयोजन का उद्देश्य हिंदी भाषा की साहित्यिक एवं सांस्कृतिक समृद्धि का उत्सव मनाने के साथ कविता और साहित्य को आमजन तक पहुंचाना है।
कवि सम्मेलन में काव्या के वरिष्ठ कवि नरेंद्र नखेतरी, मोहन बड़ोदिया के पंकज पलाश, इंदौर के पंकज दीक्षित, दिल्ली की चर्चित कवयित्री मनु वैशाली, औरैया की इति शिवहरे, इंदौर के अवनीश पाठक ‘सूर्य’ तथा शाजापुर के सुप्रसिद्ध कवि जितेंद्र देवतवाल ‘ज्वलंत’ प्रमुख रूप से काव्य प्रस्तुतियां देंगे।
रचनाकारों की प्रस्तुतियों में कविता, गीत, हास्य-व्यंग्य, प्रेम, संवेदना एवं समकालीन विषयों के विविध रंग देखने को मिलेंगे। हिंदी दिवस के अवसर पर आयोजित यह कवि सम्मेलन साहित्यप्रेमियों के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र रहेगा।
आयोजन मध्यप्रदेश शासन, संस्कृति विभाग के तत्वावधान में तथा साहित्य अकादमी एवं मध्यप्रदेश संस्कृति परिषद, भोपाल के संयोजन में किया जा रहा है। कार्यक्रम मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव एवं संस्कृति, पर्यटन, धार्मिक न्यास एवं धर्मस्व विभाग के राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) धर्मेंद्र सिंह लोधी की प्रेरणा से आयोजित होगा।
कार्यक्रम में संस्कृति अकादमी की निदेशक डॉ. पूजा शुक्ला तथा संस्कृति संचालनालय के संचालक एन.पी. नामदेव का मार्गदर्शन एवं सहयोग रहेगा।
स्थानीय संयोजक अमन जादौन ने बताया कि हिंदी दिवस के अवसर पर शाजापुर में इस प्रकार का साहित्यिक आयोजन नगर के साहित्यप्रेमियों के लिए महत्वपूर्ण अवसर है। उन्होंने कहा कि हिंदी केवल संवाद की भाषा नहीं, बल्कि हमारी साहित्यिक, सांस्कृतिक और भावनात्मक विरासत का महत्वपूर्ण आधार है। ऐसे आयोजनों के माध्यम से हिंदी साहित्य को नई पीढ़ी तक पहुंचाने और युवाओं को साहित्य से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है।
उन्होंने साहित्यप्रेमियों, युवाओं एवं नगरवासियों से कवि सम्मेलन में अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर देश-प्रदेश से पधार रहे कवियों एवं कवयित्रियों का उत्साहवर्धन करने की अपील की।