जावद। सिंगोली सौर प्लांट, विक्रम सीमेंट या जावद विधानसभा क्षेत्र में संचालित होने वाले किसी भी उद्योग में स्थानीय लोगों को रोजगार, ठेके और विकास के अवसरों में प्राथमिकता मिलनी चाहिए। यदि क्षेत्र की जमीन, पानी और अन्य संसाधनों का उपयोग हो रहा है तो स्थानीय युवाओं एवं लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करना जरूरी है। यह बात एडवोकेट प्रकाश रांका ने कही।
रांका ने कहा कि जावद के गांवों के युवा रोजगार की तलाश में बाहर जाएं और जावद की जमीन पर संचालित उद्योगों में बाहरी लोगों को प्राथमिकता मिले, यह व्यवस्था स्वीकार नहीं की जा सकती। उनके अनुसार पहले स्थानीय युवाओं, गांव के लोगों और स्थानीय ठेकेदारों को अवसर मिलना चाहिए।
उन्होंने कहा कि उद्योगों में स्थानीय युवाओं को रोजगार देने, स्थानीय ठेकेदारों को काम उपलब्ध कराने और क्षेत्र के लोगों को आर्थिक रूप से मजबूत करने के लिए स्पष्ट एवं पारदर्शी व्यवस्था बनाई जानी चाहिए। जावद के संसाधनों से यदि किसी को लाभ मिल रहा है तो उसमें स्थानीय जनता की भागीदारी सुनिश्चित होना जरूरी है।
‘आम आदमी भी सक्षम बने’
रांका ने कहा कि नेता चाहे किसी भी राजनीतिक दल का हो, उसे नेतृत्व का अवसर जावद विधानसभा की जनता ने दिया है। अब समय आ गया है कि नेताओं और प्रभावशाली लोगों के साथ जावद विधानसभा का आम आदमी भी आर्थिक एवं सामाजिक रूप से सक्षम बने।
उन्होंने कहा कि आम आदमी लगातार कमजोर होता जाए और कुछ लोग ही मजबूत होते रहें, यह स्थिति अब स्वीकार नहीं की जानी चाहिए। स्थानीय लोगों के रोजगार और आर्थिक अधिकारों के लिए आवाज उठाना जरूरी है।
रांका ने जावद विधानसभा की जनता से पार्टी और जाति से ऊपर उठकर स्थानीय अधिकारों के लिए एकजुट होने की अपील की। उन्होंने कहा कि स्थानीय लोगों के अधिकारों से समझौता नहीं किया जाना चाहिए और आने वाली पीढ़ी के रोजगार एवं भविष्य को ध्यान में रखते हुए अभी से प्रयास करने की आवश्यकता है।
उन्होंने स्पष्ट किया कि उनकी लड़ाई किसी पार्टी या व्यक्ति के खिलाफ नहीं, बल्कि जावद विधानसभा के आम आदमी के पक्ष में है। जहां आम जनता के अधिकारों का सवाल होगा, वहां वे आवाज उठाते रहेंगे।
रांका ने कहा, “आपके हक की लड़ाई में रांका आपके साथ खड़ा था, खड़ा है और खड़ा रहेगा। मुझे बुलाइए, मैं आपके बीच आऊंगा।”
उन्होंने बताया कि जल्द ही उनके कार्यालय का संपर्क नंबर घोषित किया जाएगा। कार्यालय का संचालन स्टाफ द्वारा किया जाएगा, ताकि जावद विधानसभा क्षेत्र के लोग अपनी समस्याएं एवं सुझाव सीधे कार्यालय तक पहुंचा सकें।