नीमच। ज्ञानोदय इंस्टीट्यूट ऑफ फार्मेसी, नीमच के विद्यार्थियों ने एक बार फिर अपनी प्रतिभा और उत्कृष्ट शैक्षणिक प्रदर्शन से संस्थान का नाम गौरवान्वित किया है। संस्थान के होनहार छात्र सुधांशु शर्मा का प्रतिष्ठित फार्मास्यूटिकल कंपनी एमनील फार्मास्यूटिकल, अहमदाबाद में चयन हुआ है। छात्र के चयन की जानकारी मिलते ही संस्थान में हर्ष का माहौल रहा।
इस अवसर पर ज्ञानोदय यूनिवर्सिटी की चांसलर डॉ. माधुरी चौरसिया ने सुधांशु शर्मा को बधाई देते हुए कहा कि विद्यार्थियों की सफलता उनके निरंतर परिश्रम, अनुशासन और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा का परिणाम है। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय का उद्देश्य विद्यार्थियों को केवल अकादमिक ज्ञान देना ही नहीं, बल्कि उन्हें उद्योग जगत की आवश्यकताओं के अनुरूप रोजगार एवं बेहतर करियर के लिए तैयार करना भी है।
ग्रुप डायरेक्टर डॉ. प्रशांत शर्मा ने छात्र के चयन पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि फार्मेसी विद्यार्थियों को इंडस्ट्री में बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के लिए संस्थान लगातार प्रयास कर रहा है। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की उपलब्धियां अन्य विद्यार्थियों को भी अपने लक्ष्य के प्रति समर्पित होकर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करती हैं।
संस्था के प्राचार्य डॉ. मंगल सिंह पंवार ने सुधांशु शर्मा को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह उपलब्धि विद्यार्थी की मेहनत के साथ ही शिक्षकों के मार्गदर्शन और प्रशिक्षण का परिणाम है। उन्होंने बताया कि ज्ञानोदय इंस्टीट्यूट ऑफ फार्मेसी विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास एवं बेहतर प्लेसमेंट के लिए गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, व्यावहारिक प्रशिक्षण और इंडस्ट्री एक्सपोजर पर विशेष ध्यान दे रहा है।
प्लेसमेंट सेल विद्यार्थियों को दे रहा करियर मार्गदर्शन-
संस्थान का ट्रेनिंग एवं प्लेसमेंट सेल विद्यार्थियों को रोजगार के अवसरों से जोड़ने के साथ ही कॉर्पाेरेट सेक्टर की आवश्यकताओं से परिचित कराने और बेहतर करियर के लिए मार्गदर्शन देने का कार्य कर रहा है। विद्यार्थियों को नौकरी, उच्च शिक्षा एवं उद्यमिता के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए आवश्यक जानकारी और सहयोग प्रदान किया जाता है।
संस्थान के ट्रेनिंग एवं प्लेसमेंट विभाग के प्रो. विजय ओझा एवं प्रो. सचिन गेहलोत ने भी सुधांशु शर्मा को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। छात्र के चयन पर संस्थान के समस्त प्राध्यापकों एवं विद्यार्थियों ने हर्ष व्यक्त करते हुए शुभकामनाएं दीं।