नीमच। लोक देवता बाबा रामदेवजी का जन्मोत्सव बघाना में शुरू हो गया है। रेगर समाज द्वारा बघाना स्थित बाबा रामदेव मंदिर पर दो दिवसीय जन्मोत्सव मनाया जा रहा है। शनिवार को जन्मोत्सव की शुरुआत भव्य वाहन रैली के साथ हुई। रैली के दौरान ‘जय बाबा री’ के जयकारों से शहर गूंज उठा।
वाहन रैली बाबा रामदेव मंदिर परिसर से शुरू हुई। समाज अध्यक्ष छगनलाल, सचिव मुकेश दूरिया एवं कोषाध्यक्ष बाबूलाल जाबड़ोलिया के नेतृत्व में निकली रैली में सैकड़ों दोपहिया एवं चारपहिया वाहन शामिल हुए। डीजे पर बाबा रामदेवजी के भजनों की धुन पर युवा नाचते-झूमते नजर आए।
रैली बघाना स्थित बाबा रामदेव मंदिर से प्रारंभ होकर शहर के प्रमुख मार्गों से होती हुई वापस मंदिर परिसर पहुंची, जहां इसका समापन हुआ। रैली के दौरान श्रद्धालुओं में उत्साह और भक्ति का माहौल देखने को मिला।
रविवार को निकलेगी शोभायात्रा-
जन्मोत्सव के दूसरे दिन रविवार को बाबा रामदेवजी की शोभायात्रा निकाली जाएगी। इसके बाद मंदिर में विशेष पूजा-अर्चना, महाआरती एवं प्रसादी वितरण का आयोजन होगा। इसके साथ ही दो दिवसीय जन्मोत्सव का समापन किया जाएगा।
आयोजक समिति ने श्रद्धालुओं एवं समाजजनों से अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर जन्मोत्सव में सहभागिता करने की अपील की है।