नीमच। नीमच के समीप कनावटी निवासी 45 वर्षीय दीपक नायक, पिता रामचंद्र नायक की रविवार सुबह तबीयत बिगड़ने के बाद मौत हो गई। परिजनों के अनुसार, दीपक ने 7 सितंबर को कथित रूप से जहरीला पदार्थ पी लिया था। इसके बाद उन्हें उपचार के लिए चित्तौड़गढ़ और उदयपुर ले जाया गया था।
परिजनों ने बताया कि शनिवार को दीपक को उपचार के बाद घर लाया गया था। रविवार सुबह करीब 6 बजे अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई और कुछ ही देर बाद उन्होंने दम तोड़ दिया।
मृतक के परिजनों के अनुसार, दीपक का जमीन को लेकर विवाद चल रहा था। मृतक के भाई कान्हा नायक ने ससुराल पक्ष पर जमीन संबंधी विवाद को लेकर प्रताड़ित किए जाने के आरोप लगाए हैं। हालांकि, इन आरोपों की पुष्टि पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगी।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। शव को पोस्टमार्टम के लिए रखा गया है। पुलिस के अनुसार, मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगा।