नीमच। जिले के निपानिया विरान गांव निवासी 57 वर्षीय कन्हैया लाल पिता मन्नालाल दर्जी की खेत पर काम करने के दौरान करंट लगने से मौत हो गई। घटना शनिवार शाम की बताई जा रही है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार कन्हैया लाल खेत पर गाय के लिए घास काटने गए थे। इसी दौरान बिजली के खंभे के पास करंट की चपेट में आने से उनकी मौत हो गई। शनिवार शाम तक जब वे घर नहीं लौटे तो परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की। खेत पर पहुंचने पर कन्हैया लाल मृत अवस्था में मिले।
इसके बाद भतीजे मुकेश सहित परिजन शव को रात करीब 8 बजे जिला अस्पताल लेकर पहुंचे। रविवार को जिला अस्पताल में पोस्टमार्टम की कार्रवाई की गई।
सूचना मिलने पर नीमच सिटी थाना पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार बारिश के दौरान बिजली के खंभे में करंट आने से हादसा होने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, हादसे का वास्तविक कारण पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट होगा। मृतक के पुत्र शंकरलाल ने शासन से परिवार को आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने की मांग की है।