नीमच। शहर के उपनगर बघाना में बाबा रामदेव के जन्मोत्सव के उपलक्ष्य में रविवार को रेगर समाज बघाना द्वारा भव्य चल समारोह निकाला गया। बाबा रामदेव मंदिर, धनेरिया रोड स्थित रेगर मोहल्ले से प्रारंभ हुआ चल समारोह विभिन्न मार्गों से होते हुए पुनः मंदिर पहुंचा, जहां आरती एवं प्रसाद वितरण के साथ समारोह का समापन हुआ।
चल समारोह में समाजजन श्रद्धा और उत्साह के साथ शामिल हुए। इस दौरान भक्ति गीतों पर समाजजन झूमते नजर आए। बाबा रामदेव के जयकारों से पूरा मार्ग गूंजायमान हो गया। समारोह रेगर मोहल्ला, नई रेगर कॉलोनी, अहीर मोहल्ला, बघाना बाजार, फतेह चौक, गांधी चौराहा और स्टेशन रोड सहित विभिन्न मार्गों से होकर गुजरा।
रात्रि जागरण और भजन संध्या का भी आयोजन-
जन्मोत्सव से पूर्व एकादशी के अवसर पर बाबा रामदेव मंदिर में रात्रि जागरण एवं राजस्थानी भजन संध्या का आयोजन किया गया। इसमें श्रद्धालुओं ने देर रात तक भजनों का आनंद लिया और बाबा रामदेव की भक्ति में लीन रहे। वहीं, एक दिन पूर्व शहर में वाहन रैली भी निकाली गई थी। रैली का विभिन्न स्थानों पर नागरिकों द्वारा स्वागत किया गया। समाज के रमेश कटारिया एवं नन्दराम आर्य ने बताया कि बाबा रामदेव जन्मोत्सव पर प्रतिवर्ष विभिन्न धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं, जिनमें समाजजन उत्साहपूर्वक भाग लेते हैं।