खेड़ी। गांव में लंबे समय से शादी-विवाह एवं धार्मिक कार्यक्रमों के दौरान भोजन बनाने सहित अन्य व्यवस्थाओं के लिए उचित स्थान की समस्या बनी हुई थी। ग्रामीणों की इस परेशानी को देखते हुए समस्त ग्रामवासियों के सहयोग से नवीन गोविंद धर्मशाला के निर्माण का निर्णय लिया गया।
इसी क्रम में गांव में नवीन गोविंद धर्मशाला के निर्माण के लिए भूमि पूजन कार्यक्रम विधि-विधान एवं धार्मिक रीति-रिवाजों के साथ संपन्न हुआ। कार्यक्रम में गांव के वरिष्ठजनों सहित बड़ी संख्या में ग्रामवासी उपस्थित रहे। वरिष्ठजनों ने विधिवत पूजा-अर्चना कर धर्मशाला के निर्माण कार्य का शुभारंभ किया।
ग्रामीणों ने बताया कि धर्मशाला का निर्माण होने के बाद गांव में होने वाले शादी-विवाह, सामाजिक एवं धार्मिक आयोजनों के दौरान भोजन बनाने सहित अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं के लिए सुविधा उपलब्ध होगी। इससे आयोजनों के समय ग्रामीणों को होने वाली परेशानी दूर होगी।
धर्मशाला निर्माण को लेकर ग्रामवासियों में उत्साह का माहौल रहा। ग्रामीणों ने इस पहल को गांव की आवश्यकता के अनुरूप महत्वपूर्ण और उपयोगी कदम बताते हुए निर्माण कार्य में सहयोग का संकल्प लिया।