कुकड़ेश्वर। जन-जन की आस्था के केंद्र एवं लोक आस्था के प्रतीक बाबा रामदेवजी का जन्मोत्सव भादवा बीज के पावन अवसर पर कुकड़ेश्वर में श्रद्धा, भक्ति और उत्साह के साथ मनाया गया। इस अवसर पर नगर में बाबा रामदेवजी के भक्तों का उत्साह देखते ही बना। जगह-जगह बाबा के जयकारों से वातावरण भक्तिमय हो गया।
बाबा रामदेवजी के जन्मोत्सव के उपलक्ष्य में भक्तजनों द्वारा भव्य शोभायात्रा निकाली गई। ढोल-ढमाकों और बैंड-बाजों की धुनों के बीच मंगल वाटिका स्थित शनिदेव मंदिर से शोभायात्रा का शुभारंभ हुआ। हाथों में धर्मध्वजा लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु नाचते-गाते और बाबा रामदेवजी के जयकारे लगाते हुए शोभायात्रा में शामिल हुए। पूरे मार्ग में श्रद्धा और भक्ति का अद्भुत नजारा देखने को मिला।
शोभायात्रा नगर के प्रमुख मार्गों से होकर गुजरी। वन विभाग नाका, लालबाई-फूलबाई मंदिर, लोहार मोहल्ला, चंपा बाजार, मालवीय मोहल्ला, गायरी चौक एवं श्री सहस्त्र मुखेश्वर महादेव मंदिर होते हुए शोभायात्रा सांकरिया खेड़ी ग्राम पहुंची। मार्ग में विभिन्न स्थानों पर श्रद्धालुओं और नगरवासियों ने पुष्पवर्षा कर शोभायात्रा का आत्मीय स्वागत किया।
सांकरिया खेड़ी में हुई पूजा-अर्चना और महाआरती-
सांकरिया खेड़ी पहुंचने के बाद श्रद्धालुओं ने बाबा रामदेवजी की पूजा-अर्चना की। भजन-कीर्तन और जयकारों से पूरा वातावरण भक्तिमय बना रहा। इसके बाद बाबा रामदेवजी की महाआरती की गई, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लेकर सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की।
महाआरती के पश्चात श्रद्धालुओं को प्रसादी का वितरण किया गया। पूरे आयोजन के दौरान बाबा रामदेवजी के प्रति श्रद्धालुओं की गहरी आस्था और भक्ति दिखाई दी। भादवा बीज के इस धार्मिक आयोजन से कुकड़ेश्वर सहित आसपास का क्षेत्र भी बाबा के जयकारों और भक्ति के रंग में रंगा नजर आया।