नीमच। जिले के चलदु स्थित कृपा बायोटेक फैक्ट्री में रविवार को वेल्डिंग मशीन पर काम करते समय करंट लगने से 32 वर्षीय मजदूर की मौत हो गई। मृतक की पहचान ग्राम चंगेरी निवासी मनीष पिता गणपतलाल भाटी के रूप में हुई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मनीष फैक्ट्री में हेल्पर के रूप में कार्यरत था। रविवार को काम के दौरान वह अचानक करंट की चपेट में आ गया। हादसे के बाद साथी मजदूर उसे तत्काल निजी वाहन से जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलने पर परिजन भी अस्पताल पहुंचे। परिजनों ने फैक्ट्री प्रबंधन पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए मामले में कार्रवाई की मांग की है। हालांकि हादसा किन परिस्थितियों में हुआ और इसके लिए किसकी जिम्मेदारी है, यह जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।