मंदसौर। मल्हारगढ़ तहसील क्षेत्र में कम बारिश के साथ सोयाबीन की फसल में पीलामोजेक बीमारी और इल्ली के प्रकोप से किसानों की चिंता बढ़ गई है। वहीं घोड़ारोज और जंगली जानवरों के कारण भी खेतों में खड़ी फसलों को नुकसान पहुंचने की बात सामने आ रही है। किसानों का कहना है कि बारिश की लंबी खेंच के कारण सोयाबीन और उड़द की फसल प्रभावित हुई है।
कई खेतों में सोयाबीन के पौधों में फलियां नहीं आई हैं, जबकि जिन पौधों में फलियां लगी हैं, उनमें दाने छोटे रह गए हैं। छोटी गुडभेली के किसान पंकज राधेश्याम पाटीदार ने बताया कि उन्होंने तीन बीघा में सोयाबीन की फसल बोई थी, जिस पर करीब 20 से 25 हजार रुपए खर्च हुए। पीलामोजेक बीमारी के कारण फसल पूरी तरह खराब हो गई है और अब इससे किसी प्रकार की उपज की उम्मीद नहीं है।
किसान नागेश्वर चौहान ने कहा कि प्राकृतिक कारणों से फसल खराब होने के बावजूद किसानों को समय पर मुआवजा और बीमा राशि नहीं मिलना चिंता का विषय है।
कांग्रेस नेताओं ने खेतों का किया निरीक्षण-
रविवार को जिला कांग्रेस महासचिव अनिल शर्मा, कांग्रेस नेता अजित कुमठ और बाबुखा मेवाती ने क्षेत्र के खेतों का दौरा कर फसलों की स्थिति का जायजा लिया। अनिल शर्मा ने कहा कि कम बारिश के कारण क्षेत्र के जलस्रोत अभी भी करीब 60 से 70 प्रतिशत तक खाली हैं। नदी, नालों और खाल में भी पर्याप्त पानी नहीं है। इसके अलावा फसलों में पीलामोजेक बीमारी और इल्लियों का असर दिखाई दे रहा है।
उन्होंने मल्हारगढ़ तहसील को सूखाग्रस्त घोषित कर राहत कार्य शुरू करने की मांग की। साथ ही किसानों से होने वाली सभी प्रकार की वसूली तत्काल रोकने और विशेष रूप से बिजली कंपनी की वसूली पर रोक लगाने की मांग की। शर्मा ने घोड़ारोज और जंगली सुअरों से फसलों को हो रहे नुकसान को लेकर भी ठोस योजना बनाने की मांग की।
निष्पक्ष सर्वे और मुआवजे की मांग-
कांग्रेस नेता बाबुखा मेवाती ने राजस्व विभाग से पीलामोजेक से प्रभावित फसलों का निष्पक्ष सर्वे कराने तथा किसानों को पर्याप्त मुआवजा और बीमा राशि दिलाने की मांग की। उन्होंने कहा कि महंगाई के कारण खेती की लागत पहले ही बढ़ चुकी है और फसल खराब होने से किसान आर्थिक संकट में हैं।
अजित कुमठ ने कहा कि किसानों को उनकी उपज का उचित भाव नहीं मिल रहा है। उन्होंने शासन की नीतियों पर सवाल उठाते हुए कहा कि किसान परेशान हैं, जबकि बिचौलियों और स्टॉक करने वाले व्यापारियों को लाभ मिल रहा है। उन्होंने खाद के लिए ई-टोकन व्यवस्था में किसानों को आ रही परेशानियों का मुद्दा भी उठाया।
15 सितंबर को एसडीओ को सौंपेंगे ज्ञापन-
मल्हारगढ़ तहसील को सूखाग्रस्त घोषित करने सहित किसानों की विभिन्न मांगों को लेकर कांग्रेस का प्रतिनिधिमंडल 15 सितंबर को अनुविभागीय अधिकारी से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपेगा।
इस दौरान वरिष्ठ कांग्रेस नेता रामचंद्र करुण, मंडलम अध्यक्ष गजराज सिंह चूंडावत, ब्लॉक कांग्रेस उपाध्यक्ष अनिल मुलासिया, भेरूपप्पू गुर्जर, एनएसयूआई के युवराज वाघेला, बालू पाटीदार, लालसिंह सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।