दतिया। गणेश महोत्सव को लेकर दतिया शहर में तैयारियां पूरी हो गई हैं। 14 सितंबर से शुरू होने वाले 11 दिवसीय गणेश महोत्सव से पहले विभिन्न गणेश पंडाल समितियों द्वारा प्रतिमाओं को पंडाल तक पहुंचाने के लिए चल समारोह निकाला गया। गाजे-बाजे और डीजे की धुन पर युवा गणेश प्रतिमाओं को लेकर शहर के विभिन्न मार्गों से निकले। जगह-जगह श्रद्धालुओं ने स्वागत किया और आतिशबाजी की गई। किला चौक से भी गणेश प्रतिमाओं की झांकी पंडालों के लिए रवाना हुई। दतिया शहर में करीब दो दर्जन से अधिक स्थानों पर गणेश पंडाल सजाए गए हैं। गणेश महोत्सव गणेश चतुर्थी से प्रारंभ होकर अनंत चतुर्दशी तक चलेगा। इस दौरान युवा वर्ग भगवान गणेश की पूजा-अर्चना और सेवा में जुटेगा। पुलिस विभाग ने गणेश पंडाल समितियों से महोत्सव सौहार्द और शांतिपूर्ण ढंग से मनाने की अपील की है। वहीं सुपर मार्केट का गणेश महोत्सव हर वर्ष आकर्षण का केंद्र रहता है, जहां सिंधी समाज द्वारा भव्य प्रतिमा स्थापित की जाती है।