नीमच। सिंगोली तहसील क्षेत्र के ग्राम अंबा चढ़ोल निवासी 23 वर्षीय राजू पिता लखमीचंद भील की सांप के डसने से मौत हो गई। रविवार देर रात खाट पर सो रहे राजू को सांप ने डस लिया। हालत बिगड़ने पर परिजन उसे तत्काल रतनगढ़ स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसे नीमच रेफर कर दिया।
नीमच में उपचार के दौरान सोमवार सुबह करीब 6 बजे राजू ने दम तोड़ दिया। घटना के बाद परिवार में मातम छा गया। शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है।
जानकारी मिलने पर भाजपा अनुसूचित जनजाति मोर्चा के प्रदेश कार्यसमिति सदस्य एवं जिला उपाध्यक्ष पवन भील तथा पार्षद दुर्गाशंकर भील सहयोगियों के साथ अस्पताल पहुंचे और शोकाकुल परिजनों को सहयोग प्रदान किया।