मोरवन। गणेश चतुर्थी के पावन पर्व को लेकर ग्राम मोरवन में उत्साह और उमंग का माहौल है। गणपति बप्पा के स्वागत के लिए पूरे गांव में तैयारियां लगभग पूरी हो चुकी हैं। गांव की गलियों और मोहल्लों में गणेश प्रतिमाओं की स्थापना की जा रही है, वहीं बच्चों में गणेशोत्सव को लेकर विशेष उत्साह देखने को मिल रहा है।
ग्राम मोरवन में मुख्य रूप से रावला चौक एवं शासकीय स्कूल प्रांगण में गणेश प्रतिमाओं की स्थापना की जाएगी। दोनों स्थानों पर शाम को जुलूस के साथ गणपति बप्पा को पंडालों में विराजित किया जाएगा। इसके लिए आयोजन समितियों द्वारा आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।
वहीं गांव के विभिन्न गली-मोहल्लों में भी श्रद्धालु अपने घरों और पंडालों में गणेश प्रतिमाओं की स्थापना कर रहे हैं। खासकर छोटे बच्चों में पर्व को लेकर खासा उत्साह नजर आ रहा है। बच्चे नए कपड़े पहनकर ढोल-नगाड़ों की थाप और ‘गणपति बप्पा मोरया’ के जयकारों के बीच बप्पा को घरों एवं पंडालों में विराजमान कर रहे हैं।
गणेश चतुर्थी के चलते मोरवन में सुबह से ही उत्सव जैसा माहौल बना हुआ है। श्रद्धालुओं में भक्ति और बच्चों में उत्साह का यह नजारा पूरे गांव को गणेशोत्सव के रंग में रंगता नजर आ रहा है।