पोलायकलां। ग्रामीण क्षेत्रों में सोमवार को गणेश चतुर्थी के अवसर पर श्रद्धालुओं ने विधि-विधान के साथ भगवान श्रीगणेश की प्रतिमाओं की स्थापना की। इसके साथ ही 10 दिवसीय गणेश उत्सव का शुभारंभ हुआ। सुबह से ही गणेश प्रतिमाओं को ढोल-ढमाकों और जयकारों के साथ पंडालों तक लाया गया।
गणेश उत्सव को लेकर युवाओं और बच्चों में विशेष उत्साह देखने को मिला। विभिन्न स्थानों पर आकर्षक पंडाल सजाए गए हैं, जहां प्रतिदिन भगवान गणेश की पूजा-अर्चना, आरती और धार्मिक आयोजन होंगे। घरों में भी श्रद्धालुओं ने भगवान गणेश की प्रतिमा स्थापित कर सुख-समृद्धि और क्षेत्र की खुशहाली की कामना की।
शाम होते ही गणेश पंडालों में आरती के लिए श्रद्धालुओं की भीड़ जुटने लगी। गणपति बप्पा मोरया के जयघोष से पूरा क्षेत्र भक्तिमय नजर आया। आगामी 10 दिनों तक क्षेत्र में गणेश उत्सव की रौनक बनी रहेगी और अनंत चतुर्दशी के अवसर पर गणेश प्रतिमाओं का विसर्जन किया जाएगा।