देवरी खवासा। गणेश चतुर्थी के पावन पर्व को लेकर देवरी खवासा गांव में उत्साह और उल्लास का माहौल है। गांव में कई स्थानों पर श्रद्धालुओं द्वारा विधि-विधान के साथ भगवान गणेश की प्रतिमाएं विराजित की गई हैं। सुबह-शाम भगवान गणेश की आरती और पूजा-अर्चना के साथ धार्मिक माहौल बना हुआ है।
गांव के सत्संग भवन एवं अमृतेश्वर महादेव मंदिर परिसर में युवा मित्र मंडल द्वारा पिछले कई वर्षों से गणपति जी की प्रतिमा विराजित की जा रही है। इस वर्ष भी यहां गणेश प्रतिमा स्थापित की गई है। युवा मित्र मंडल द्वारा गणेश उत्सव के दौरान लगातार दस दिनों तक विभिन्न धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। विशेष रूप से महिलाओं और युवाओं के लिए डीजे सॉन्ग पर डांडिया एवं गरबा का आयोजन आकर्षण का केंद्र रहेगा।
वहीं प्रजापति मोहल्ले में भी श्रद्धालुओं द्वारा भगवान गणेश की प्रतिमा स्थापित कर पूजा-अर्चना शुरू की गई है। इसके अलावा शासकीय माध्यमिक विद्यालय के पास भी इस वर्ष गणपति बप्पा की प्रतिमा विराजित की गई है।
गणेश उत्सव को लेकर गांव के बच्चों, युवाओं, महिलाओं और बुजुर्गों में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। शाम के समय गणपति पंडालों में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ रही है। पूरे गांव में “गणपति बप्पा मोरया” के जयकारों से भक्तिमय वातावरण बना हुआ है। आगामी दस दिनों तक देवरी खवासा में गणेश उत्सव की धूम देखने को मिलेगी।